रायबरेली महायोजना 2031 के तहत 20 से 50 एकड़ में आधुनिक टाउनशिप विकसित करने की तैयारी है। डलमऊ रोड और मुंशीगंज समेत कई इलाकों को फायदा होगा।

रायबरेली (चेतना मंच) । शहर के बढ़ते विस्तार और जमीन की बढ़ती मांग को देखते हुए रायबरेली विकास प्राधिकरण ने शहर के सुनियोजित विकास की तैयारी तेज कर दी है। महायोजना 2031 के तहत आधुनिक टाउनशिप विकसित करने की योजना तैयार की गई है। प्रस्तावित योजना का असर डलमऊ रोड और मुंशीगंज बाईपास समेत शहर के कई प्रमुख इलाकों में देखने को मिल सकता है।UP News
प्राधिकरण की योजना के मुताबिक करीब 20 से 50 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक टाउनशिप विकसित करने की तैयारी है। इसमें अलग-अलग आय वर्ग के लोगों के लिए आवासीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी। योजना में एचआईजी, एमआईजी और एलआईजी वर्ग के लिए एक, दो और तीन बीएसके के आवास प्रस्तावित हैं। प्रस्तावित टाउनशिप में चौड़ी सड़कें, बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था, पार्क, खुले क्षेत्र और सामुदायिक केंद्र जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है। इसका उद्देश्य शहर के विस्तार को व्यवस्थित करने के साथ लोगों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। UP News
महायोजना के तहत लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर त्रिपुला से मामा चौराहे तक के क्षेत्र को आधुनिक बाजार स्ट्रीट के रूप में विकसित करने की भी योजना बनाई गई है। हालांकि इसके लिए जमीन की पहचान की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। जमीन चिन्हित होने के बाद इस प्रस्ताव पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रस्तावित विकास योजनाओं से शहर के प्रमुख मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय कारोबार और रोजगार के अवसरों में वृद्धि हो सकती है।
रायबरेली विकास प्राधिकरण ने बिना स्वीकृत लेआउट के विकसित की जा रही कॉलोनियों को लेकर भी सख्ती शुरू की है। प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि वे आवासीय या कॉलोनी विकसित करने से पहले नक्शा और लेआउट स्वीकृत कराएं। इससे भविष्य में सड़क, ड्रेनेज, पार्क और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के लिए जमीन की कमी जैसी समस्याओं से बचा जा सकेगा।UP News
डीएम सरनीत कौर ब्रोका के अनुसार महायोजना 2031 का खाका तैयार कर शासन को भेजा जा चुका है। बजट को मंजूरी मिलने के बाद टाउनशिप और अन्य प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है। प्रशासन का मानना है कि महायोजना 2031 के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों से रायबरेली शहर को व्यवस्थित और आधुनिक स्वरूप देने में मदद मिलेगी। प्रस्तावित योजनाओं से शहर की आबादी और बढ़ती आवासीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भविष्य के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा तैयार किया जा सकेगा।
विज्ञापन