रायबरेली के ऊंचाहार क्षेत्र के चड़रई में चल रही शिव महापुराण कथा के चौथे दिन उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल कथा स्थल पहुंचीं। उन्होंने भगवान शिव का आशीर्वाद लिया और कथा का श्रवण किया।

UP News : उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के ऊंचाहार क्षेत्र के चड़रई में चल रही शिव महापुराण कथा के चौथे दिन राज्यपाल आनंदीबेन पटेल कथा स्थल पहुंचीं। उन्होंने भगवान शिव का आशीर्वाद लिया और कथा का श्रवण किया। राज्यपाल के पहुंचने पर कथा के आयोजक एवं कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने उनका स्वागत किया। कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने भी मंच पर राज्यपाल को शाल ओढ़ाकर अभिनंदन किया। कथा स्थल पर मौजूद विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने क्षेत्र के विकास और धार्मिक आयोजन की सराहना की। उन्होंने ऊंचाहार क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों के लिए आयोजक मनोज पांडेय की भी प्रशंसा की।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि ऊंचाहार विधायक के रूप में मनोज पांडेय ने क्षेत्र को अपना परिवार मानकर विकास, सम्मान और अधिकारों से जोड़ने का प्रयास किया है। उन्होंने इसे पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक उदाहरण बताया। राज्यपाल ने कहा कि किसी क्षेत्र के विकास में केवल भौतिक सुविधाएं ही महत्वपूर्ण नहीं होतीं, बल्कि लोगों को शिक्षा, सम्मान और अवसर उपलब्ध कराना भी जरूरी है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया।
शिव महापुराण कथा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखकर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आयोजन को ‘मिनी कुंभ’ जैसा बताया। उन्होंने कहा कि पंडित प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का पहुंचना सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के प्रति लोगों की आस्था को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने के साथ-साथ अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजने का माध्यम भी बनते हैं। UP News :
राज्यपाल ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और देश की प्रगति का सबसे सशक्त माध्यम है। यदि हर बच्चे को शिक्षा का अवसर मिलता है तो वह न केवल अपने परिवार बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी योगदान दे सकता है।
शिव महापुराण कथा के चौथे दिन राज्यपाल के पहुंचने से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच राज्यपाल ने कथा का श्रवण किया और आयोजन की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहल की सराहना की। इस अवसर पर मंत्री नितिन अग्रवाल समेत क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और दूर-दराज से पहुंचे बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन स्थल पर भगवान शिव के जयकारों और धार्मिक वातावरण के बीच कथा का आयोजन जारी रहा। UP News :
विज्ञापन