रायबरेली में तंत्र-मंत्र के शक में 60 वर्षीय बुजुर्ग की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने सात घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद किया।

रायबरेली । जगतपुर कोतवाली क्षेत्र के पालकीहार मजरे चिचौली गांव में शनिवार देर रात एक बुजुर्ग की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। वारदात को गांव के ही 22 वर्षीय युवक ने अंजाम दिया। आरोपी को शक था कि करीब तीन साल पहले उसके पिता की मौत बुजुर्ग की झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के कारण हुई थी। पुलिस ने घटना के करीब सात घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और नशीला पदार्थ बरामद किया गया है। UP News
पालकीहार मजरे चिचौली निवासी रामलखन पासी (60) पुत्र चितई की पत्नी का करीब नौ वर्ष पहले निधन हो गया था। इसके बाद रामलखन गांव के बाहर नहर किनारे झोपड़ी बनाकर अकेले रहते थे। वह पास स्थित मंदिर में सेवादारी भी करते थे। रविवार सुबह करीब आठ बजे उनकी झोपड़ी के बाहर लहूलुहान शव पड़ा मिला। उनके सिर के पिछले हिस्से पर कुल्हाड़ी से किए गए गंभीर वार के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। UP News
एसपी रवि कुमार, सीओ डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी और जगतपुर थाना प्रभारी वागीश कुमार मिश्रा ने फोरेंसिक टीम तथा डॉग स्क्वायड के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान गांव के संदिग्ध लोगों से पूछताछ शुरू की। इसी दौरान 22 वर्षीय शिवम कुमार उर्फ पुष्पेंद्र कुमार पासी पुलिस के संदेह के घेरे में आया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पिता रामविलास की करीब तीन वर्ष पहले मौत हुई थी। शिवम को शक था कि रामलखन की झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के कारण उसके पिता की जान गई। इसी बात को लेकर उसके मन में रामलखन के प्रति काफी समय से नाराजगी थी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात वह रामलखन की झोपड़ी के पास पहुंचा। उसने बुजुर्ग को बाहर बुलाया और सिर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ दो वार कर दिए। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।UP News
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर नहर से हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद कर ली। उसके घर से चिलम और गांजा भी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
बुजुर्ग की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। बाहर नौकरी करने वाला उनका बेटा राममिलन सूचना मिलते ही घर के लिए रवाना हो गया। वहीं शादीशुदा बेटी सन्नो देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
विज्ञापन