रायबरेली में डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने 10 तहसीलदारों के कार्यक्षेत्र बदले हैं। अधिकारियों को नई तैनाती पर तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

रायबरेली, (चेतना मंच)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने जनहित में तहसीलदार और नव प्रोन्नत तहसीलदारों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए 10 अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी है। इस संबंध में 27 अगस्त को आदेश जारी किया गया। जारी आदेश के अनुसार सभी संबंधित अधिकारियों को अपनी नई तैनाती पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने और कार्यभार ग्रहण करने की आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। UP News
प्रशासनिक फेरबदल के तहत नव प्रोन्नत अधिकारियों को जिले की अलग-अलग तहसीलों में तहसीलदार की जिम्मेदारी दी गई है। आदेश के मुताबिक सुनील कुमार को तहसीलदार ऊंचाहार, यशवंत सिंह को तहसीलदार डलमऊ, पवन कुमार यादव को तहसीलदार लालगंज और प्रदीप कुमार निगम को तहसीलदार न्यायिक लालगंज नियुक्त किया गया है। इसी क्रम में शालिनी तिवारी को तहसीलदार महाराजगंज और अवनीश कुमार को तहसीलदार सलोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिले में पहले से तैनात चार तहसीलदारों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। तहसीलदार महाराजगंज रहीं मंजुला मिश्रा को तहसीलदार न्यायिक सदर बनाया गया है। वहीं तहसीलदार ऊंचाहार आकांक्षा दीक्षित को तहसीलदार न्यायिक सलोन की जिम्मेदारी दी गई है। तहसीलदार सलोन दीपिका सिंह को तहसीलदार न्यायिक महाराजगंज और तहसीलदार डलमऊ प्रज्ञा द्विवेदी को तहसीलदार न्यायिक डलमऊ नियुक्त किया गया है। UP News
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने नवीन तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करें। इसके साथ ही कार्यभार ग्रहण करने की आख्या अधोहस्ताक्षरी को उपलब्ध कराने को कहा गया है। प्रशासनिक स्तर पर किए गए इस बदलाव के बाद जिले की विभिन्न तहसीलों में राजस्व और न्यायिक कार्यों के संचालन में बदलाव देखने को मिलेगा। नई तैनाती के साथ अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी निर्धारित कर दी गई हैं। UP News
विज्ञापन