पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

UP News: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद पप्पू यादव और अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ वाराणसी के कोतवाली थाने में दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संसद भवन परिसर में राम मंदिर से जुड़े मुद्दे को लेकर विपक्षी सांसदों की ओर से किए गए प्रदर्शन को लेकर यह केस दर्ज हुआ है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि संसद परिसर में किए गए प्रदर्शन के दौरान धार्मिक प्रतीकों और सनातन परंपराओं का अपमान किया गया। जिससे करोड़ों हिंदुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।
क्या हुआ था संसद परिसर में?
संसद परिसर में विपक्षी सांसदों ने राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा चोरी के मुद्दे को लेकर सांकेतिक प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान सांसद पप्पू यादव पुजारी के वेश में दानपेटी लेकर पहुंचे थे, जबकि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उसमें प्रतीकात्मक रूप से चंदा डाला। इसके बाद सांकेतिक रूप से चोरी पकड़े जाने का दृश्य प्रस्तुत किया गया, जिसमें अवधेश प्रसाद समेत अन्य सांसदों ने भी भाग लिया। इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया।
किसने दर्ज की शिकायत
शिकायत पातालपुरी मठ के पीठाधीश्वर जगद्गुरु बालक दास की ओर से दी गई, जिसमें संबंधित सांसदों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
जगद्गुरु बालक दास ने बताया कि उन्होंने पहले डीसीपी काशी गौरव बंसवाल से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी और मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इसके बाद उनकी तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद परिसर में जिस प्रकार धार्मिक वेशभूषा और प्रतीकों का इस्तेमाल किया गया, उससे भगवान राम, संत समाज और भगवा परंपरा का अपमान हुआ है।
जगद्गुरु बालक दास के मुताबिक लोकतांत्रिक विरोध दर्ज कराने के कई तरीके हो सकते हैं, लेकिन किसी धर्म या उसकी आस्था से जुड़े प्रतीकों का इस प्रकार उपयोग उचित नहीं है।
पुलिस का क्या कहना है?
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन