Rakesh Tikait : बेरोजगारों के धरने में जा रहे भाकियू नेता राकेश टिकैत गिरफ्तार
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 12:02 PM
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 12:02 PM
- जंतर-मंतर पर चल रहे बेरोजगारों के धरने में शामिल होने जा रहे थे राकेश टिकैत
भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर गिरफ्तार किया गया है। चौधरी राकेश टिकैत की गिरफ्तारी के बाद सभी भाकियू कार्यकर्ताओं को अग्रिम आदेश तक अलर्ट रहने को कहा गया है।
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को आज दोपहर दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर से गिरफ्तार किया गया है। उन्हें पुलिस ने थाने में बैठाए रखा। इसे लेकर पश्चिमी यूपी में भाकियू कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया है। कार्यकर्ताओं को उनसे संपर्क नहीं करने दिया जा रहा है। राकेश टिकैत के साथ अन्य कई कार्यकर्ताओं को भी थाने में बैठाया गया है। राकेश टिकैत को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लेते ही कार्यकर्तााओं में रोष फैल गया। बताया गया कि राकेश टिकैत जंतर-मंतर पर चल रहे बेरोजगारों के धरने में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
मुजफ्फरनगर के भाकियू जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि दिल्ली पुलिस ने राकेश टिकैत को पकड़ा है। वहीं, पश्चिमी यूपी में सभी कार्यकर्तााओं को किसी भी अग्रिम आदेश का पालन करने के तैयार रहने को कहा गया है। इससे पहले शनिवार को यूपी के मुजफ्फरनगर में हुए किसानों के धरने के दौरान भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि लखीमपुर में कानून व्यवस्था तार-तार हुई है। दोषी केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र उर्फ टेनी को न तो पद से हटाया गया और न ही उसकी गिरफ्तारी की गई, जबकि श्रीकांत त्यागी पर इनाम घोषित कर दिया गया। परिवार को प्रताड़ित किया गया। यूपी में बिजली महंगी है। किसानों से कहा कि अगर कोई ट्यूबवेल पर मीटर लगाए तो उखाड़कर बिजलीघर पर भिजवा देना।
नरेश टिकैत ने कहा कि पुलिस और प्रशासन के अफसर भाजपा का एजेंट बनकर काम कर रहे हैं। किसानों की पीड़ा उनको दिखाई नहीं दे रही है। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र उर्फ टेनी की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी, एमएसपी पर गारंटी कानून बनाने, बिजली दरों और नलकूपों पर विद्युत मीटर लगाए जाने, अग्निपथ योजना वापस लेने, शहीद किसानों के परिवारों को मुआवजा, किसानों पर दर्ज मुकदमों की वापसी की मांग के लिए आंदोलन किया जा रहा है।