
Ram Mandir Ayodhya Arti Time / अयोध्या। उत्तर प्रदेश की तीर्थ नगरी अयोध्या धाम में भगवान श्रीराम का दिव्य, भव्य और नव्य मंदिर में सोमवार को भगवान श्रीराम लला विराजमान हो चुके हैं। उनके साथ भरत, लक्ष्मण और शत्रुध्न भी गर्भगृह में विराजित हुए हैं। सोमवार को स्थापित की गई रामलला की 51 इंच की प्रतिमा के ठीक नीचे भगवान राम अपने तीनों भाईयों के साथ विराजमान हुए हैं। अब सवाल यह है कि राम मंदिर पब्लिक के लिए कब से खुलेगा और दर्शन करने का समय क्या रहेगा।
चलिए हम आपको बताते हैं कि अयोध्या का नवनिर्मित श्रीराम मंदिर पब्लिक के लिए कब से खुलेगा और राम लला के दर्शन करने का समय क्या रहेगा। 23 जनवरी 2024 की सुबह 7 बजे से मंदिर पब्लिक के लिए खोल दिया जाएगा। मंदिर पूरे दिन में केवल 9 घंटे के लिए ही खोला जाएगा। अनुमान लगाया जा रहा है कि यहां पर एक दिन में एक से डेढ़ लाख श्रद्धालु दर्शन करने के लिए आएंगे।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की वेबसाइट के अनुसार, भगवान श्रीराम के मंदिर को 23 जनवरी से आम से लेकर खास लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। मंदिर में रामलला के दर्शन करने का समय निर्धारित कर दिया गया है। सुबह 7 बजे से 11.30 बजे तक और फिर दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे।
प्रात:कालीन आरती सुबह साढ़े 6 बजे होगी और सायंकालीन आरती शाम साढ़े 7 बजे होगी। सुबह की आरती में शामिल होने के लिए पहले से बुकिंग करवानी होगी, जबकि शाम की आरती के लिए उसी दिन भी बुकिंग कराई जा सकती है।
आरती में शामिल होने के लिए पास लेना होगा। यह पास श्रीराम जन्मभूमि के कैम्प ऑफिस से प्राप्त किए जा सकते हैं। पास आरती शुरू होने से आधे घंटे पहले मिलेगा। पास लेने के लिए काई भी सरकारी आईडी प्रूफ साथ ले जाना होगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की वेबसाइट पर जाकर भी बुकिंग कराके पास लिया जा सकता है।
आरती का पास का कोई शुल्क निर्धारित नहीं किया गया है, बल्कि यह फ्री होगा। एक समय की आरती के लिए वर्तमान में केवल 30 लोगों को ही पास दिया जाएगा। बाद में इसकी संख्या को बढ़ाया जा सकता है।