चंदौली में जगदीश सराय से मधुपुर, वृद्धाश्रम और बबुरी जाने वाली सड़क बदहाल है। बड़े गड्ढों और जलभराव से करीब 50 गांवों के ग्रामीण परेशान हैं। बारिश में राहगीरों, बच्चों और बुजुर्गों की मुश्किल बढ़ जाती है।

UP News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में जगदीश सराय से मधुपुर होते हुए वृद्धाश्रम और बबुरी की ओर जाने वाली सड़क की बदहाली से करीब 50 गांवों के ग्रामीण परेशान हैं। सड़क पर जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश होते ही इनमें पानी भर जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए मुश्किल और बढ़ जाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर बने गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने के बाद उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। बड़े वाहनों के गुजरने के दौरान कई बार जाम जैसी स्थिति भी बन जाती है। सुबह और शाम के समय इस मार्ग पर आवागमन अधिक होने के कारण समस्या और गंभीर हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।
स्थानीय निवासी राजेंद्र प्रसाद विश्वकर्मा के मुताबिक सड़क निर्माण के दौरान उचित ढलान नहीं होने के कारण बारिश के पानी की निकासी ठीक से नहीं हो पाती। उनका कहना है कि सड़क खराब होने के साथ जलभराव की समस्या भी बनी हुई है। उन्होंने बताया कि इसी मार्ग से वृद्धाश्रम आने-जाने वाले बुजुर्गों के अलावा आसपास के प्राथमिक विद्यालय के छोटे बच्चे भी गुजरते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक कई बार बच्चे और बुजुर्ग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं। ग्रामीण कुमार केशरी ने बताया कि क्षेत्र में सड़क के साथ नाली और खड़ंजे जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति भी ठीक नहीं है। सड़क से करीब 100 मीटर अंदर स्थित मिडिल स्कूल के आसपास नालियां गंदगी और जलभराव की समस्या से जूझ रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इन समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क करीब 50 गांवों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। यह रास्ता एनएच-2 से होकर मधुपुर और बहेरा के रास्ते भारतमाला एक्सप्रेसवे से भी जुड़ता है। ऐसे में सड़क की बदहाली का असर बड़ी संख्या में ग्रामीणों के रोजाना आवागमन पर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की स्थिति केवल स्थानीय आवागमन की समस्या नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के कई गांवों की कनेक्टिविटी से जुड़ा मामला है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क के गड्ढों, जलभराव और जलनिकासी की समस्या को लेकर पीडब्ल्यूडी और जिला प्रशासन के अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। अब ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की है। उनकी मांग है कि गड्ढों की मरम्मत के साथ सड़क का उचित ढलान और पानी की निकासी की व्यवस्था भी कराई जाए, ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी न हो। UP News:
विज्ञापन