हाथरस के सादाबाद में मोहल्ला कहारान स्थित एक मकान में देर रात भीषण आग लग गई। हादसे में सो रहे पति-पत्नी शहजाद और सलमा बेगम की जिंदा जलकर मौत हो गई। पुलिस, दमकल और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।

UP News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सादाबाद कस्बे में देर रात एक दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की जिंदा जलकर मौत हो गई। मोहल्ला कहारान में स्थित एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में सो रहे दंपती को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना पर पुलिस, दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी।
मृतकों की पहचान शहजाद और सलमा बेगम के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शहजाद पुत्र मुन्ना अपनी पत्नी सलमा बेगम के साथ रात में घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान अचानक मकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों और धुएं के बीच दंपती घर से बाहर नहीं निकल सके।
यह भी पढ़ें : कौशांबी में पुलिस का बड़ा एक्शन, 9 गांजा तस्कर गिरफ्तार
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के साथ राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। वृंदावन से अधिकारी रजत कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जवानों को बचाव कार्य में लगाया। हालांकि, बचाव दल के तमाम प्रयासों के बावजूद दंपती को नहीं बचाया जा सका।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. नीरज शर्मा ने भी घटना के संबंध में जानकारी दी। वहीं, मृतक के पड़ोसी कासिम बेग ने हादसे से जुड़ी जानकारी साझा की।
फिलहाल मकान में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित टीमें घटना की जांच कर रही हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक दंपती के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि मोहल्ले में शोक की लहर है।
विज्ञापन