इटावा जिले के जसवंतनगर स्थित सदर बाजार में सोमवार को अतिक्रमण के खिलाफ नगरपालिका और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाया। बस स्टैंड चौराहे से बड़े चौराहे तक हुई कार्रवाई के दौरान सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया।

UP News : उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के जसवंतनगर स्थित सदर बाजार में सोमवार को अतिक्रमण के खिलाफ नगरपालिका और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाया। बस स्टैंड चौराहे से बड़े चौराहे तक चली इस कार्रवाई के दौरान सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। अचानक हुई प्रशासनिक कार्रवाई से बाजार में दुकानदारों और अतिक्रमण करने वालों के बीच हलचल मच गई। दरअसल, जसवंतनगर का सदर बाजार नगर के व्यस्ततम बाजारों में शामिल है। यहां दुकानों के बाहर सामान रखने, सड़क किनारे ठेले लगाने और सार्वजनिक रास्तों पर कब्जा करने के कारण अक्सर आवागमन प्रभावित होता है। इससे पैदल चलने वाले लोगों के साथ ही दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इसी समस्या को देखते हुए सोमवार को नगरपालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने बाजार में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। अभियान के दौरान दुकानदारों को निर्देश दिए गए कि वे अपनी दुकानों की निर्धारित सीमा के भीतर ही सामान रखें। सड़क और सार्वजनिक रास्तों पर किसी भी तरह का कब्जा न करें, ताकि बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। UP News :
प्रशासनिक अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट हिदायत दी कि सार्वजनिक मार्गों को बाधित न किया जाए। बाजार में व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुकानदारों से सहयोग करने की अपील भी की गई। अभियान में नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी श्याम वचन सरोज, क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह, थाना प्रभारी कमल भाटी सहित पुलिसकर्मी और नगरपालिका कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासन की इस कार्रवाई से फिलहाल सदर बाजार में अतिक्रमण हटाने की पहल हुई है, लेकिन इसका स्थायी असर तभी दिखाई देगा, जब नियमित निगरानी की व्यवस्था भी की जाएगी। अब देखना होगा कि नगरपालिका और पुलिस प्रशासन आगे भी अभियान जारी रखते हैं या कुछ दिनों बाद बाजार में फिर पहले जैसी स्थिति बन जाती है। UP News :
विज्ञापन