सहारनपुर के देवबंद में युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक प्रेम संबंध और शादी को लेकर विवाद के बाद हत्या की गई।

UP News : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद थाना क्षेत्र में युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मोहित ने युवती के साथ प्रेम संबंध होने और उससे पीछा छुड़ाने के लिए हत्या करने की बात पूछताछ में बताई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका का टूटा हुआ मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर मोहित पुत्र घसीटू के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपी की मां ओमवती की भूमिका की जानकारी मिली, जिसके बाद उसे भी मामले में आरोपी बनाया गया।
पुलिस के मुताबिक, मोहित को अतर सिंह फार्म हाउस के पास से गिरफ्तार किया गया, जबकि उसकी मां ओमवती को उसके मकान से पकड़ा गया। दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने घटना से जुड़े सामान की बरामदगी की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मोहित ने बताया कि मृतका के साथ उसके पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध थे। वह अपने भाई की साली से शादी करना चाहता था। पुलिस का कहना है कि संबंध सामने आने के बाद हुई बदनामी के चलते आरोपी युवती से पीछा छुड़ाना चाहता था। UP News :
पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर को मोहित ने युवती को अपने घर की छत पर बुलाया। आरोप है कि वहां उसका मोबाइल फोन बंद करने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद मोहित ने अपनी मां ओमवती को घटना की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद मोहित और उसकी मां ने शव को मोटरसाइकिल पर रखा और कपड़े से ढक दिया। इसके बाद दोनों ने शव को साखन नहर में डाल दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका का टूटा हुआ वीवो मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। UP News :
विज्ञापन