Saharanpur News: खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़गांव और बेहट अड्डे पर छापेमारी कर सॉस की 1,871 बोतलें सीज कीं। पांच नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

UP News : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में मिलावटी और अधोमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने बड़गांव और बेहट अड्डे पर फास्ट फूड एवं सॉस विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में सॉस की बोतलें सीज की हैं। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग प्रतिष्ठानों से कुल पांच खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। जिलाधिकारी के आदेश और सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दोनों स्थानों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम सबसे पहले बड़गांव स्थित महाराणा प्रताप चौक के पास सुनील फास्ट फूड कॉर्नर पहुंची। टीम ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण करने के साथ वहां उपलब्ध सॉस की गुणवत्ता की जांच की। कार्रवाई के दौरान टीम ने वेजिटेबल सॉस और चिली सॉस के नमूने लिए। इसके अलावा मौके पर मौजूद वेजिटेबल सॉस की 37 बोतल और चिली सॉस की 34 बोतल सीज की गईं। सीज की गई खाद्य सामग्री को खाद्य कारोबारकर्ता की सुरक्षित अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मथुरा दास महादेव मंदिर, बेहट अड्डे के पास राकेश कपूर की दुकान का निरीक्षण किया। यहां टीम ने वेज सोया सॉस, ग्रीन चिली सॉस और एक अन्य सॉस के नमूने जांच के लिए लिए। इस दौरान मौके पर मौजूद वेजिटेबल सोया सॉस की 1,224 बोतल, ग्रीन चिली सॉस की 36 बोतल तथा 60 गत्तों में रखी 540 बोतल सोया सॉस को सीज किया गया। दोनों प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कुल 1,871 बोतल सॉस सीज की हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए कुल पांच नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में खाद्य पदार्थ अधोमानक या नियमों के विपरीत पाए जाते हैं तो संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। सहायक आयुक्त खाद्य ने कहा कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। मानकों का उल्लंघन करने वाले खाद्य कारोबारकर्ताओं के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमन पाल, जगदंबा प्रसाद और बिपिन कुमार भी मौजूद रहे। UP News :
विज्ञापन