सहारनपुर में अवैध खनन के खिलाफ मिर्जापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। बिना रॉयल्टी और वैध प्रपत्रों के खनन सामग्री ले जा रहे 11 डम्फर और जेसीबी समेत 12 वाहन सीज किए गए।

UP News : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना मिर्जापुर पुलिस ने रात के समय चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान खनन सामग्री से लदे 11 डम्फर और एक जेसीबी समेत कुल 12 वाहनों को सीज किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में जिले में अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण में थाना मिर्जापुर पुलिस ने कार्रवाई की।
थाना प्रभारी मिर्जापुर विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 9/10 सितंबर की रात गन्देवड़–हथनीकुण्ड और गन्देवड़–बादशाहीबाग मार्ग पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान खनन सामग्री लेकर गुजर रहे कई वाहनों को रोककर उनके दस्तावेज और लोड की जांच की गई। प्रारंभिक जांच में कई वाहनों के पास खनन सामग्री के परिवहन से संबंधित रॉयल्टी और वैध प्रपत्र नहीं मिले। इसके अलावा कुछ वाहनों में ओवरलोडिंग की स्थिति सामने आई, जबकि कई डम्फर बिना नंबर प्लेट के भी पाए गए।
जांच के बाद पुलिस ने नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कुल 12 वाहनों को सीज कर दिया। इनमें UP11CT8186, UP11AT8930, UP11CT8160, UP11CT2330, HR58E3022 और HR58E6063 समेत कई डम्फर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार HR58E9326, HR58E8268, HR58C1032 और HR58E1717 नंबर वाले डम्फर बिना नंबर प्लेट के पाए गए। इसके अलावा UP11DT7278 नंबर की एक जेसीबी को भी सीज किया गया है। सीज किए गए सभी वाहनों को थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। पुलिस ने मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी मिर्जापुर विनोद कुमार, उपनिरीक्षक मुकेश सोलंकी, उपनिरीक्षक नरेश कुमार सहित थाना मिर्जापुर पुलिस के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।UP News :
विज्ञापन