Advertisement
Advertisement

सहारनपुर। तीन तलाक दिए जाने को लेकर बने कानून के बाद भी लोग बाज नहीं आ रहे हैं। सहारनपुर में मायके से एक लाख रुपये न लाकर देने पर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को तीन बार तलाक देकर घर से बाहर निकाल दिया। इससे पहले आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट भी की। महिला की शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
थाना नानौता क्षेत्र के गांव ढाकादेई की रहने वाली मेहरूबा (35) की शादी थाना गंगोह क्षेत्र के गांव फतेहपुर ठोला के रहने वाले आलिम (38) से 2009 में हुई थी। जिससे उसके तीन बच्चे भी हैं। मेहरूबा का आरोप है कि उसका पति गलत संगत में है, जिस कारण वह घर में रोज मारपीट करता है।
आलिम शादी के बाद से लगातार मायके वालों से एक लाख रुपए की मांग करता आ रहा है। मायके वालों ने पैसा नहीं दिया। इसके चलते 28 अगस्त को उसने मारपीट की और तीन तलाक देते हुए घर से बाहर निकाल दिया।
पीड़िता के मुताबिक घर से निकाले जाने के बाद वह अपने मायके पहुंची। उसने अपने परिजनों को सारी बात बताई। परिजनों ने पहले आलम के पास जाकर उसे समझाने का प्रयास किया। लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद परिजन मेहरूबा को लेकर थाना नानौता में पहुंच गए। थाने में आलिम के खिलाफ तहरीर दिलाई।
पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीतरो मोड़ से गुरुवार रात में 8 बजे के करीब गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना नानौता इंस्पेक्टर सौवीर सिंह का कहना है कि पीड़ित महिला की तहरीर पर आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।