
Saharanpur News : उत्तर प्रदेश में इन दिनों भाजपा की योगी सरकार (BJP government) का राज चल रहा है, लेकिन यूपी के सहारनपुर जनपद में दबंगों पर कार्रवाई न होने पर भाजपा नेता (BJP leaders) ही अपने गांव से पलायन करने को विवश नजर आ रहे हैं। थाना गंगोह क्षेत्र के गांव बिलासपुर में भाजपा के पूर्व मत्स्य प्रकोष्ठ के जिला संयोजक व भारतीय कश्यप सेना के जिला संयोजक भोपाल सिंह कुछ दबंगों पर पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर परिवार सहित पलायन करने को तैयार है। भाजपा नेता का आरोप है कि दबंग उन्हें और उनके परिवार को प्रताड़ित कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री को भी शिकायत पत्र भेजकर कार्रवाई कराने की मांग की है। जबकि संबंधित थाना पुलिस अनजान बनी हुई है।
भाजपा नेता भोपाल सिंह ने मुख्यमंत्री को भेजे शिकायत पत्र में बताया कि 14 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे वह गांव भूटीबास निवासी सतीश के एक मिस्त्री की दुकान पर बैठा था। आरोप है कि जैसे वह दुकान से बाहर निकला तो घात लगाए बैठे तीन दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। आरोप है कि आरोपियों ने उसकी मां सोमवती को भी नहीं बख्शा, उनके साथ भी मारपीट की गई। भोपाल सिंह ने बताया कि वह किसी मामले में सतीश की पैरवी कर रहा है। जिस कारण दबंग उससे नाराज है। भाजपा नेता ने पुलिस को सूचना दी गई और मौके पर पुलिस भी पहुंची, लेकिन पुलिस मामले से अनजान बनी हुई है। जबकि कार्रवाई के लिए पीड़ित नेता अधिकारियों के चक्कर काट रहा है। अभी तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई।
भाजपा नेता भोपाल सिंह का कहना है कि मामले को लेकर वह कैराना सांसद प्रदीप चौधरी और गंगोह विधायक कीरत सिंह के पास भी गया था। पीड़ित नेता का कहना है कि भाजपा सरकार में भी पुलिस न तो आमजन की सुन रही है और न ही भाजपा नेताओं की। पीड़ित का कहना है कि जब किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। ऐसे में वह अपने परिवार सहित गांव से पलायन करने पर मजबूर है।
मामले को लेकर जब थाना इंस्पेक्टर प्रवेश सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। जबकि उनके बड़े साहब यानी सीओ मोहम्मद रिजवान का कहना है कि मामला संज्ञान में और कार्रवाई की जा रही है। हैरानी इस बात की है कि संबंधित थाना पुलिस को मामले का पता नहीं है, जबकि बड़े साहब कार्रवाई करने का आश्वासन दे रहे हैं।