UP News: राहगीरों की मदद से सभी घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया।

UP News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क दुर्घटना में स्कूल बस और स्कूल वैन में भीषण टक्कर हो गई। हादसे में दोनों स्कूलों के पांच मासूम बच्चे घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
सत्यनारायणी स्कूल की बस और लियो कान्वेंट स्कूल की वैन बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थीं. उतरपारा के समीप दोनों वाहनों में आमने-सामने से भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में घायल हुए पांच बच्चों में से तीन बच्चें सत्यनारायणी स्कूल के व दो बच्चें लियो कान्वेंट स्कूल के घायल हुए हैं.
अस्पताल में मची अफरा-तफरी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने बच्चों को सीएचसी बेला भेला पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया. हालांकि, एक बच्चे की हालत चिंताजनक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
स्वजनों में मचा कोहराम
हादसे की जानकारी मिलते ही बच्चों के स्वजन रोते-बिलखते सीएचसी पहुंचे। फिलहाल भदोखर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
सीओ सिटी आशीष निगम ने बताया कि स्कूली बस और वैन की भिड़ंत में 5 बच्चे घायल हुए हैं. सभी को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से एक गंभीर बच्चे को जिला अस्पताल रेफर किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन