बड़ी खबर: "महामहिम हाजिर हों"! SDM के समन से मच गया हड़कंप
UP News
भारत
चेतना मंच
27 Oct 2023 10:16 PM
UP News : उत्तरप्रदेश के बदायूं में जमीन से जुड़े मामले में सदर तहसील के एसडीएम (SDM) विनीत कुमार ने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल को समन जारी किया है जिसे राजभवन ने संविधान के अनुच्छेद 361 का उल्लंघ बताया है। राज्यपाल के निजी सचिव ने मामले में डीएम को कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
यूपी के बदायूं जिले में एक चौकाने वाला मामला सामने आया है। यहां जमीन से जुड़े एक मामले में सदर तहसील के एसडीएम (SDM) ने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल को नोटिस भेजा दिया। एसडीएम ने राज्यपाल को अपना पक्ष रखने के लिए 18 अक्टूबर की तारीख दी थी। एसडीएम कोर्ट का समन राजभवन पहुंचा तो उनके निजी सचिव ने इस पर आपत्ति जताई और इसे विधि व्यवस्था को भंग करना बताया। उन्होंने डीएम मनोज कुमार को पत्र लिख नियमानुसार कार्रवाई के आदेश दिए हैं। वहीं मामले में डीएम ने एसडीएम को भविष्य में ऐसी चूक न करने की चेतावनी दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एसडीएम ने राज्यपाल को यह समन 10 अक्टूबर का जारी किया था।
क्या है पूरा मामला?
पूरा मामला थाना सिविल लाइन क्षेत्र के गांव लोड़ा बहेड़ी का है। गांव निवासी चंद्रहास ने सदर तहसील के एसडीएम की न्यायिक कोर्ट में विपक्षी पक्षकार के रूप में लेखराज, पीडब्ल्यूडी के संबंधित अधिकारी और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को पक्षकार बनाते हुए वाद दायर किया था। दायर वाद के मुताबिक चंद्रहास की चाची कटोरी देवी की संपत्ति उनके एक रिश्तेदार ने अपने नाम दर्ज करा ली है। इसके बाद उस जमीन को लेखराज के नाम बेच दी गई। कुछ दिन बाद जमीन से कुछ हिस्सो को सरकार द्वारा अधिग्रहण कर लिया गया। जिसके एवज में शासन की तरफ से लेखराज को 12 लाख रुपए मिले। इसको लेकर चंद्रहास ने एमडीएम न्यायिक कोर्ट में वाद दायर की और जमीन के खसरा खतौनी में अपना नाम दर्ज कराने की मांग की। याचिका की सुनवाई करने के दौरान एसडीएम न्यायिक कोर्ट ने लेखराज और राज्यपाल को कोर्ट में पेश होने और अपना पक्ष रखने को लेकर समन जारी कर दिया।
राजभवन ने डीएम को पत्र लिख समन पर जताई आपत्ति
एसडीएम न्यायिक कोर्ट द्वारा जारी समन जब राजभवन पहुंचा तो इस पर राज्यपाल के निजी सचिव बद्रीनाथ सिंह ने आपत्ति जताई और डीएम को पत्र लिखकर कार्रवाई के आदेश दिए। पत्र में कहा गया कि राज्यपाल को जारी समन संविधान के अनुच्छेद 361 का उल्लंघ है। जिसके बाद डीएम मनोज कुमार ने एडसीएम न्यायिक विनीत कुमार को भविष्य में ऐसी चूक न करने की चेतावनी दी है।