विज्ञापन
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में कथित आध्यात्मिक गुरु बनकर युवतियों के शोषण के आरोपों में गिरफ्तार किए गए अभिषेक मिश्रा को लेकर जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए और चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं।

UP News : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में कथित आध्यात्मिक गुरु बनकर युवतियों के शोषण के आरोपों में गिरफ्तार किए गए अभिषेक मिश्रा को लेकर जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए और चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। खुद को आध्यात्मिक मार्गदर्शक और भगवान कृष्ण का भक्त बताने वाला यह तथाकथित बाबा अभिषेक मिश्रा अब कई गंभीर आरोपों के घेरे में है। पुलिस जांच में संकेत मिले हैं कि महिलाओं को प्रभावित करने और अपने प्रभाव में लेने का उसका तरीका नया नहीं था, बल्कि इसकी शुरुआत उसके छात्र जीवन से ही हो चुकी थी। UP News
जांच एजेंसियों को मिले इनपुट के अनुसार ओडिशा निवासी अभिषेक मिश्रा ने वर्ष 2017 से 2021 के बीच आईआईटी रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। बताया जा रहा है कि छात्र जीवन के दौरान भी वह अपने व्यक्तित्व, बातचीत की शैली और प्रभावशाली छवि का इस्तेमाल कर सहपाठियों के बीच विशेष पहचान बनाए हुए था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या उस समय भी उसके खिलाफ किसी प्रकार की शिकायतें दर्ज हुई थीं या नहीं। सूत्रों का कहना है कि पढ़ाई पूरी करने के बाद उसने आध्यात्मिकता और धार्मिक प्रवचनों को माध्यम बनाकर लोगों के बीच अपनी अलग पहचान तैयार की। इसी दौरान उसने ऑनलाइन मंचों के जरिए बड़ी संख्या में युवाओं और युवतियों से संपर्क स्थापित किया। मामले में नया मोड़ तब आया जब जांच के दौरान उत्तराखंड के रुड़की से जुड़ी एक पुरानी शिकायत की जानकारी सामने आई। बताया जा रहा है कि वहां भी एक युवती ने अभिषेक मिश्रा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि उस शिकायत की स्थिति और उस पर हुई कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मथुरा पुलिस अब इस पहलू की भी गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार उत्तराखंड पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया है और आवश्यक दस्तावेज व जानकारी जुटाई जा रही है। यदि जरूरत पड़ी तो जांच टीम रुड़की जाकर भी तथ्यों का सत्यापन करेगी।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी के बैंक खातों, सोशल मीडिया प्रोफाइल, मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है। जांच एजेंसियों को कुछ ऐसे डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी के संपर्क में कितने लोग थे और क्या उसके कथित नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल थे। वित्तीय लेनदेन और ऑनलाइन गतिविधियों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। UP News
पूरे प्रकरण का खुलासा एक युवती की शिकायत के बाद हुआ। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के ठिकाने पर छापा मारा और कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं। इसके बाद मामले की जांच का दायरा लगातार बढ़ता चला गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े हर पहलू की निष्पक्ष जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। UP News
विज्ञापन