उत्तर प्रदेश के शामली में चर्चित हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड के बाद फिर दहशत का माहौल है। अंकित बालियान हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने वाले गोगी गैंग के नाम से वायरल धमकी में 400 गोलियां चलाने का दावा किया गया है।

UP News : उत्तर प्रदेश के शामली से बहुत बड़ी खबर आ रही है। उत्तर प्रदेश के शामली में हाल ही में हरियाणा के प्रसिद्ध सिंगर तथा कब्बडी के बहुत बड़े खिलाड़ी अंकित बालियान को गोलियों से छलनी कर दिया गया था। अंकित बालियान की हत्या में शामिल दो शूटर्स को उत्तर प्रदेश पुलिस मुठभेड़ में ठिकाने लगा चुकी है। अब एक बार फिर शामली में दहशत का माहौल है। गोगी गैंग ने नई धमकी देते हुए दावा किया है कि अबकी बार 400 गोलियां एक साथ दागी जाएंगी। उत्तर प्रदेश की इस खबर के विषय में पूरी संवेदनशीलता के साथ चेतना मंच की टीम शामली क्षेत्र के चप्पे-चप्पे का दौरा कर रही है। चेतना मंच की टीम के द्वारा हमें जो ताजा अपडेट भेजी गयी है। उस अपडेट में अलग-अलग मीडिया संस्थानों की अपडेट को जोड़ते हुए हम चेतना मंच के पाठकों को विस्तार से अवगत करा रहे हैं। UP News
अंकित बालियान हत्याकांड के बाद अब सोशल मीडिया पर लगातार सामने आ रही धमकी भरी पोस्ट ने शामली पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक लाख रुपये के इनामी शार्प शूटर सत्यम के नाम से बनाए गए अकाउंट ‘कैडी 4 सत्यम’ से एक बार फिर धमकी भरी पोस्ट सामने आई है। इस पोस्ट में बेहद आपत्तिजनक और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल करते हुए लिखा गया है— “जिस दिन हमारा माथा चटकेगा, उस दिन जिंदगी हल जाएगी।” पोस्ट में अंकित बालियान के परिवार के घर के बाहर 400 गोलियां चलाने की धमकी भी दी गई है। पोस्ट में आगे आमने-सामने मिलने की चुनौती देते हुए लिखा गया है कि जब मिलना हो तो बता देना। इस पोस्ट में उत्तर प्रदेश पुलिस को भी सीधी चेतावनी दी गई है। पोस्ट में साफ-साफ लिखा गया है कि हम किसी के बाप से भी नहीं डरते। सोशल मीडिया पर इस तरह की पोस्ट सामने आने के बाद शामली में एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
उत्तर प्रदेश के अंकित बालियान हत्याकांड के मामले में वांछित चल रहे 1 लाख रूपए के ईनामी बदमाश तथा कुख्यात शूटर सत्यम ने अपनी पोस्ट में मीडिया को भी खुली चुनौती दी है। मीडिया को चुनौती देते हुए उत्तर प्रदेश के इस चर्चित मामले में ईनामी माफिया तथा अरबों रूपए की जायदाद वाले परिवार से जुड़े हुए खुद जाट समाज से आने वाले सत्यम ने सबको हिलाकर रख दिया है। जाट समाज के लाड़ले बेटे अंकित बालियान की हत्या के समय शूटर के रूप में मौजूद सत्यम ने मीडिया को चेतावनी देते हुए अपनी पोस्ट में लिखा है कि अखबारों में उसे गुंडा बताया गया है। पोस्ट में कथित तौर पर लिखा गया है कि अखबार ने उसे गुंडा कहा है, लेकिन वह गुंडा नहीं है। इसी पोस्ट में मुंबई के चर्चित माफिया सरगना मन्या सुर्वे का भी जिक्र किया गया है। वहीं एक अन्य पोस्ट में कथित तौर पर लिखा गया है— “हम तो कबूल कर रहे हैं, टेंशन ना लो।” लगातार अलग-अलग पोस्ट सामने आने के बाद यह सवाल भी खड़ा हो रहा है कि आखिर इन सोशल मीडिया अकाउंट को कौन संचालित कर रहा है और इन धमकियों के पीछे वास्तविकता क्या है।
गौर करने वाली बात यह है कि सत्यम के नाम से सोशल मीडिया पर धमकी भरी पोस्ट का यह सिलसिला नया नहीं है। एक दिन पहले, गुरुवार को भी इसी नाम से एक पोस्ट सामने आई थी। उस पोस्ट में आमने-सामने मिलने की चुनौती दी गई थी और डरने से इनकार किया गया था। सबसे गंभीर बात यह थी कि पोस्ट में “अभी दो और मर्डर होंगे” जैसी धमकी दी गई थी। लगातार सामने आ रही इन पोस्ट के बाद पुलिस की जांच अब सोशल मीडिया अकाउंट और इन्हें संचालित करने वाले लोगों की ओर भी बढ़ गई है।
अंकित बालियान हत्याकांड के बाद शामली और आसपास के क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता पहले से ही बढ़ी हुई है। पुलिस इस मामले में दो कथित शूटर्स को मुठभेड़ में मार गिराने की कार्रवाई कर चुकी है। इसके बाद सोशल मीडिया पर सामने आ रही धमकी भरी पोस्ट ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है।उत्तर पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सत्यम के नाम से संचालित इंस्टाग्राम अकाउंट वास्तव में उसी व्यक्ति या उसके किसी सहयोगी द्वारा चलाया जा रहा है अथवा किसी अन्य व्यक्ति ने फर्जी नाम से यह अकाउंट बनाया है। शामली के उत्तर पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने सोशल मीडिया पर सामने आई इन पोस्ट की जांच किए जाने की बात कही है।उत्तर पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पोस्ट कहां से अपलोड की गईं, इन्हें कौन संचालित कर रहा है और धमकी के पीछे वास्तविक उद्देश्य क्या है। फिलहाल उत्तर पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सोशल मीडिया पर किए जा रहे ये दावे और धमकियां कितनी वास्तविक हैं।
शामली में अंकित बालियान हत्याकांड के बाद सामने आ रही सोशल मीडिया धमकियों ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गैंगवार और आपराधिक नेटवर्क को लेकर फिर से चिंता बढ़ा दी है। 400 गोलियां चलाने की कथित धमकी और दो और हत्याओं के दावे के बाद उत्तर पुलिस की चुनौती अब केवल हत्याकांड की जांच तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि सोशल मीडिया के जरिए फैलाए जा रहे भय और धमकियों पर भी प्रभावी कार्रवाई करना जरूरी हो गया है।
चेतना मंच इस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है। उत्तर पुलिस जांच से जुड़ी नई जानकारी सामने आने पर खबर को तत्काल अपडेट किया जाएगा।
विज्ञापन