
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को भारतीय सेना के पराक्रम और राष्ट्रीय संकल्प का प्रतीक बताया। उन्होंने ₹2183.45 करोड़ की लागत से जुड़ी 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त किसानों के खातों में अंतरित की। प्रधानमंत्री ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर भारत की सुरक्षा नीति की स्पष्टता और हमारे जवानों की शौर्यगाथा का जीवंत उदाहरण है। यह दिन केवल सुरक्षा बलों को नमन करने का नहीं, बल्कि देश के अन्नदाताओं को प्रणाम करने का भी है। Uttar Pradesh Samachar
उन्होंने बताया कि देश के 10 करोड़ किसानों को इस योजना के तहत ₹21,000 करोड़ की राशि जारी की गई है। प्रधानमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा, “जब काशी से धन जाता है, वह प्रसाद बन जाता है। यह धरती तप और त्याग की है, जिसने देश को दिशा दी है। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद पहली बार बाबा विश्वनाथ की नगरी में आने का सौभाग्य मिला है। पहलगाम की वह घटना जब 26 निर्दोषों की हत्या की गई, मेरे हृदय को झकझोर गई थी। मैंने तब संकल्प लिया था कि अपनी बेटियों के सिंदूर का जवाब दिया जाएगा, और वह वचन महादेव की कृपा से पूरा हुआ। Uttar Pradesh Samachar
प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, “जब हमारे जवान आतंकियों के ठिकानों को ध्वस्त करते हैं, तब कुछ राजनीतिक दलों को पेट में मरोड़ क्यों उठती है? कांग्रेस ने इस अभियान को 'तमाशा' कहकर हमारे सैनिकों के बलिदान का अपमान किया है। क्या आतंकियों पर कार्रवाई करने से पहले मुझे समाजवादी पार्टी से पूछना चाहिए कि कार्रवाई करें या नहीं?” उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “क्या सिंदूर, जो हमारी बेटियों के सम्मान का प्रतीक है, उसे तमाशा कहा जा सकता है? कांग्रेस और उनके सहयोगी आतंकियों की हालत पर आँसू बहाते हैं, लेकिन वीर जवानों के साहस पर मौन साध लेते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में किसानों के नाम पर घोषणाएँ तो बहुत हुईं, पर ज़मीन पर कुछ नहीं उतरा। "हमने 2019 में जब पीएम किसान योजना शुरू की, तो इन्हीं दलों ने इसे चुनावी स्टंट बताया था। लेकिन आज तक एक भी किश्त रोकी नहीं गई। यूपी के किसानों को ₹90,000 करोड़, और काशी के किसानों को ₹900 करोड़ से अधिक की सहायता सीधे खातों में पहुंचाई गई है। बिना किसी कमीशन, बिना किसी बिचौलिये के। प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के तहत ₹21,000 करोड़ के निवेश की घोषणा की। साथ ही उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत अब तक ₹1.75 लाख करोड़ की राशि वितरित की जा चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में ऐतिहासिक बढ़ोतरी कर किसानों को आर्थिक सुरक्षा दी है।
प्रधानमंत्री ने काशी की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा, “आपने ऐसा सांसद चुना है जो बिना किसी घोटाले, बिना किसी दलाली के सीधे आपके जीवन में बदलाव ला रहा है। हमारी सरकार की प्राथमिकता वही है—जो सबसे अधिक वंचित है, उसे सबसे अधिक सहयोग मिले। Uttar Pradesh Samachar