सीतापुर के तंबौर क्षेत्र स्थित हिंदुस्तान प्लाइवुड फैक्ट्री में ED और इनकम टैक्स विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। करीब 12 गाड़ियों से टीम पहुंची।

UP News : उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आयकर विभाग की टीम ने थाना तंबौर क्षेत्र स्थित हिंदुस्तान प्लाइवुड फैक्ट्री में छापेमारी की। दोनों जांच एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई की सूचना मिलते ही फैक्ट्री और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियों की करीब 12 गाड़ियां एक साथ फैक्ट्री परिसर में पहुंचीं। सुबह अचानक बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों के पहुंचने के बाद परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। टीम द्वारा फैक्ट्री के कर्मचारियों से पूछताछ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। UP News :
जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान फैक्ट्री परिसर में आवाजाही पर सख्ती बरती गई। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के बाहर मौजूद लोगों को बिना अनुमति बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी जा रही थी। जांच एजेंसियों की टीम फैक्ट्री के दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि यह कार्रवाई किस मामले या जांच के सिलसिले में की गई है।
ED और आयकर विभाग की कार्रवाई की जानकारी सामने आने के बाद फैक्ट्री के आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी। स्थानीय स्तर पर छापेमारी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, जांच के वास्तविक कारण को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल दोनों जांच एजेंसियों की कार्रवाई जारी बताई जा रही है। छापेमारी पूरी होने और अधिकारियों की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जांच किस मामले में की गई और टीम को जांच के दौरान क्या महत्वपूर्ण तथ्य मिले। UP News :
विज्ञापन