सीतापुर में चीनी की कमी की अफवाहों के बीच प्रशासन ने थोक गोदामों का सत्यापन किया। जिले में कुल 2,744 कुंतल चीनी का स्टॉक उपलब्ध मिला।

सीतापुर में चीनी की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के बीच जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने जनपदवासियों को स्पष्ट किया है कि जिले में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अपुष्ट सूचनाओं और सोशल मीडिया पर प्रसारित अफवाहों पर ध्यान न दें तथा आवश्यकता के अनुसार ही खुले बाजार से चीनी की खरीदारी करें। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में चीनी की उपलब्धता पर लगातार नजर रखी जा रही है। थोक विक्रेताओं के गोदामों में मौजूद स्टॉक का नियमित सत्यापन कराया जा रहा है, ताकि बाजार में किसी प्रकार की कमी या अनावश्यक भंडारण की स्थिति न बने।UP News
जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारियों, क्षेत्रीय विपणन अधिकारियों, विपणन निरीक्षकों और मंडी सचिवों ने जिले की विभिन्न तहसीलों में थोक विक्रेताओं के गोदामों का सत्यापन किया। जांच के दौरान कुल 2,744 कुंतल चीनी का स्टॉक उपलब्ध पाया गया। सत्यापन के बाद सभी प्रतिष्ठानों में उपलब्ध चीनी के स्टॉक की जानकारी तत्काल भारत सरकार के संबंधित पोर्टल पर दर्ज कराई गई।
तहसील सदर में किए गए सत्यापन के दौरान गौरव डिस्ट्रीब्यूटर्स के यहां 450 कुंतल और यश इंटरप्राइजेज के यहां 410 कुंतल चीनी का स्टॉक मिला। अधिकारियों ने दोनों प्रतिष्ठानों के स्टॉक का सत्यापन कर उपलब्धता की जानकारी संबंधित पोर्टल पर दर्ज कराई।
महमूदाबाद तहसील में धनीराम ट्रेडिंग कंपनी के यहां 29 कुंतल, आमिर ट्रेडिंग के यहां 125 कुंतल और न्यू इंडिया ट्रेडिंग के यहां 72 कुंतल चीनी उपलब्ध मिली। वहीं बिसवां तहसील में रमेश स्टोर्स के यहां 453 कुंतल और सक्षम ट्रेडिंग कंपनी के यहां 350 कुंतल चीनी का स्टॉक सत्यापन के दौरान पाया गया।
मिश्रिख तहसील में भी अधिकारियों ने कई थोक विक्रेताओं के यहां स्टॉक की जांच की। महेश्वरी ट्रेडिंग कंपनी के यहां 341.50 कुंतल, नैमिष अन्न भंडार में 200 कुंतल, मां ग्यारसी ट्रेडिंग कंपनी में 84.50 कुंतल और नैना ट्रेडर्स के यहां 230 कुंतल चीनी का स्टॉक मिला। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बाजार में चीनी की उपलब्धता और थोक विक्रेताओं के स्टॉक की नियमित निगरानी जारी रखी जाए।UP News
जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने कहा कि लोगों को चीनी की कमी को लेकर घबराने या अनावश्यक खरीदारी करने की जरूरत नहीं है। जनसामान्य अपनी आवश्यकता के अनुसार खुले बाजार से आसानी से चीनी खरीद सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सोशल मीडिया पर मिलने वाली अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें और अनावश्यक भंडारण से बचें। प्रशासन बाजार में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है। UP News
विज्ञापन