विज्ञापन
Chandauli News: मारपीट में गार्गी सिंह पटेल गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनकी आंखों में गंभीर चोट आई है।

UP News: चंदौली में समाजवादी पार्टी की महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल पर उनके घर में घुसकर हमला किया गया। आरोपियों ने लात-घूसों से उन्हें निशाना बनाया। इस पूरी घटना का कथित वीडियो वायरल हो गया है जो बहुत खौफनाक है।
कथित वायरल फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह से गार्गी पटेल को बालों से खींचकर पहले घसीटा गया और फिर कई लोगों ने उन पर हमला कर दिया। वहीं, गार्गी पटेल को बुरी तरह से पीटा गया। एक युवक ने कमरे में रखी टेबल उठाकर गार्गी सिंह के सिर पर हमला कर दिया, जिससे टेबल टूट गई। एक महिला बचाने आई तो उस पर हमला बोल दिया गया, जिससे वह अपनी जान बचाने के लिए भाग खड़ी हुई। बाद में हिम्मत कर वह महिला हाथ जोड़ती है लेकिन हमलावर गार्गी पटेल पर लात घूंसे बरसाना बंद नहीं करते। हमला करनेवालों में महिलाएं भी शामिल थीं जिनमें से एक पिटाई का वीडियो बना रही थी।
मामला मुगलसराय क्षेत्र के मड़िया पड़ाव का है।मारपीट में गार्गी सिंह पटेल गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनकी आंखों में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद 3 लोगों ने उन्हें सहारा देकर गाड़ी में बैठाया और जिला अस्पताल पहुंचाया।
हमलावर भी सपा से
मीडिया रिपोर्ट के के मुताबिक सपा महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल जमीन का कारोबार करती हैं। गुरुवार दोपहर वह अपने घर पर थीं। इसी दौरान उनके बिजनेस पार्टनर प्यारेलाल यादव घर आ गए। उनके पीछे-पीछे प्यारेलाल के दो भाई सपा नेता मनोज यादव, अमित यादव, उनकी बहन डाली और मां उर्मिला भी घर में घुस आए।
प्यारेलाल यादव और गार्गी सिंह के बीच कहासुनी होने लगी जो मारपीट में बदल गई। हमलावरों ने गार्गी सिंह पीटना शुरू कर दिया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया- मामला मारपीट का है। पहले पीड़ित पक्ष ने कोई प्रार्थना पत्र नहीं दिया था। लेकिन, अब पीड़ित महिला ने वॉट्सएप से शिकायत दी है। इसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश देने में जुटी है।
राजभर ने साधा अखिलेश पर निशाना
यूपी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने इस घटना को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। एक्स पर उन्होंने लिखा, "सच तो ये है कि समाजवादी पार्टी अब यादववादी गुंडों की पार्टी बन चुकी है। जहां गैर यादव पिछड़ों और दलितों को आपके गुंडो द्वारा गालीगलौच, मारपीट और अपमान सहना ही लिखा है..." उन्होंने कहा, "सच ये है कि सपा में महिला सम्मान की कोई जगह नहीं है, यहां केवल एक जाति के गैंग का शासन चलता है। इनके जंगलराज को कोई भूला नहीं है... "
विज्ञापन