यह अभियान 9 फरवरी से आगामी 15 दिनों तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य उन युवाओं और महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल करना है, जिनका नाम अब तक दर्ज नहीं हो पाया है।

UP News : उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से वंचित पात्र नागरिकों को जोड़ने के लिए निर्वाचन आयोग ने एक विशेष पंजीकरण अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। यह अभियान 9 फरवरी से आगामी 15 दिनों तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य उन युवाओं और महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल करना है, जिनका नाम अब तक दर्ज नहीं हो पाया है। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने इस संबंध में सभी उप जिला निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने अधिकारियों के साथ एक आनलाइन बैठक कर अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला कल्याण, नगर विकास सहित कई विभागों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
* जिन युवाओं की आयु 1 जनवरी तक 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, उनका नाम अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा।
पात्र नागरिक तीन माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं:
* निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट वोटर्स. ईसीआई.गाव.इन के जरिए
* ईसीआईएनईटी मोबाइल एप का उपयोग कर
* या फिर अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर आॅफलाइन फॉर्म भरकर
अभियान के दौरान विशेष रूप से उन नव-विवाहित महिलाओं और किशोरियों को चिह्नित किया जाएगा, जिनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है। ऐसी सभी पात्र महिलाओं से घोषणापत्र के साथ फार्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। प्र्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर मसौदा मतदाता सूची प्रदर्शित की जाएगी, ताकि लोग आसानी से अपना नाम जांच सकें और जरूरत पड़ने पर सुधार या पंजीकरण करा सकें। UP News