सहारनपुर में मेरठ STF ने हथियार तस्करी से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मिर्जापुर थाना क्षेत्र में तड़के हुई कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 12 बोर के 425 कारतूस समेत कई हथियार बरामद किए गए।

UP News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के मिर्जापुर थाना क्षेत्र में एसटीएफ मेरठ की टीम ने हथियारों की तस्करी से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में हथियार और 12 बोर के 425 कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा एक तलवार, दो मोबाइल फोन और ब्लैक रंग की स्कॉर्पियो भी बरामद हुई है। एसटीएफ के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ कर हथियारों के स्रोत और उनके सप्लाई नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ मेरठ बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में की गई।
एसटीएफ टीम गुरुवार तड़के करीब चार बजे मिर्जापुर क्षेत्र में पहुंची थी। संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के दौरान टीम ने तीन लोगों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से हथियार और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद हुए। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजम निवासी मोहल्ला पिलखनतला, चंडीगढ़ पैलेस, थाना मंडी, सहारनपुर, इकराम निवासी गांव बड़ी माहेश्वरी, थाना चिलकाना और दानिश निवासी कस्बा नकुड़, थाना नकुड़, सहारनपुर के रूप में हुई है। UP News:
एसटीएफ के अनुसार आरोपियों के कब्जे से एक पंप एक्शन 12 बोर, दो 12 बोर बंदूक, एक 315 बोर बंदूक, तीन एयर गन और एक 12 बोर तमंचा बरामद किया गया। इसके अलावा 12 बोर के 425 कारतूस, एक तलवार, दो मोबाइल फोन और एक ब्लैक स्कॉर्पियो भी बरामद की गई है। गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी संख्या में हथियार और कारतूस आरोपियों तक कहां से पहुंचे और इन्हें आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। बरामद मोबाइल फोन और सोशल मीडिया संपर्कों की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आरोपियों के पंजाब के कुछ लोगों और संगठनों से संपर्क होने की जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है। पड़ोसी देश से जुड़े कुछ संगठनों के संपर्क की बात भी जांच में सामने आने की जानकारी है। हालांकि इन संपर्कों की वास्तविक भूमिका और हथियारों की सप्लाई से उनका संबंध है या नहीं, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। UP News:
एसटीएफ यह भी जांच कर रही है कि हथियारों की सप्लाई का नेटवर्क केवल सहारनपुर तक सीमित था या इसके तार दूसरे राज्यों से भी जुड़े हैं। अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ, मोबाइल फोन की जांच और बरामद हथियारों के स्रोत के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।UP News:
विज्ञापन