
UP News : शिक्षा जगत के चर्चित नाम और युवाओं के प्रेरणास्रोत खान सर एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज के चलते सुर्खियों में हैं। इस बार वजह बनी है उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर उनकी सराहना। एक विशेष पॉडकास्ट इंटरव्यू में उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य में स्थापित कानून-व्यवस्था की जमकर तारीफ की और कहा कि अगर यूपी जैसी व्यवस्था पूरे देश में हो जाए तो कोई भी व्यक्ति जीवन में कुछ भी कर सकता है।
बातचीत के दौरान उन्होंने योगी आदित्यनाथ और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जैसे नेताओं को 'राजनीति के अपवाद' करार देते हुए कहा कि आजकल राजनीति में ज़्यादातर लोग सिर्फ सत्ता के लिए आते हैं। लेकिन योगी जी जैसे नेता, जिनका खुद का कोई स्वार्थ नहीं, विरले ही होते हैं। उनका खुद का घर तक नहीं है, वो तपस्वी हैं। अटल जी का राजनीति में आना एक मिशन था, न कि कोई सौदा।
इंटरव्यू में खान सर ने देश की विविधता और क्षमता की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा - अगर देश में साउथ जैसी बराबरी, नॉर्थ ईस्ट जैसी हरियाली, दिल्ली जैसा एजुकेशन सिस्टम, यूपी जैसा लॉ एंड ऑर्डर, राजस्थान जैसा सांस्कृतिक वैभव, बिहार जैसा ऐतिहासिक गौरव, झारखंड जैसे खनिज संसाधन, कश्मीर जैसी प्राकृतिक सुंदरता, हरियाणा जैसे खिलाड़ी और मराठियों जैसी जिद हो तो हमें किसी भी अन्य देश से सीखने की ज़रूरत नहीं है। हम दुनिया में सबसे आगे हो सकते हैं।
खान सर का मूल नाम फैजल खान है और उनका पैतृक गांव उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में स्थित है। हाल ही में उनकी शादी की खबरों ने भी खूब सुर्खियाँ बटोरी थीं। शादी से पहले उन्होंने अपने गांव में एक भव्य घर का निर्माण करवाया, जिसका गृह प्रवेश समारोह भी चर्चा में रहा। खान सर ने पटना में रहकर शिक्षा के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उनकी कोचिंग क्लास और वीडियो लेक्चर्स सोशल मीडिया पर युवाओं में अत्यधिक लोकप्रिय हैं। UP News