सुलतानपुर के कूरेभार में ट्रक से गायब हुई करीब 41 टन सरिया पुलिस ने बरामद की है। मामले में दो आरोपित गिरफ्तार हुए, जबकि ट्रक और ट्रेलर भी जब्त किए गए।

UP News: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के कूरेभार थाना क्षेत्र में ट्रक से गायब हुई करीब 41 टन सरिया के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद सरिया की अनुमानित कीमत करीब 19 से 20 लाख रुपये है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सरिया लदा ट्रक और घटना में इस्तेमाल किया गया ट्रेलर भी कब्जे में लिया है। पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। सुलतानपुर के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी बल्दीराय के पर्यवेक्षण में कूरेभार पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार वादी निमेन्द्र गोयल ने शिकायत दी थी कि उनके मामा की फर्म एस ट्रेडर्स के माध्यम से सरिया मंगाई गई थी। यह माल निर्धारित स्थान पर लखनऊ पहुंचाया जाना था। लेकिन तय स्थान पर सरिया नहीं पहुंची। इसके बाद जब माल के संबंध में जानकारी की गई तो कूरेभार क्षेत्र में सरिया को चोरी कर बेच दिए जाने की बात सामने आई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इस मामले में कूरेभार थाने में मुकदमा संख्या 155/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने केस में धारा 303(2), 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के मुताबिक कूरेभार थानाध्यक्ष उपेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 12 सितंबर को ऐनपुर नहर के पास घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अभय मिश्रा (22) पुत्र अखिलेश कुमार मिश्रा निवासी सराय कल्याण, थाना कादीपुर तथा चन्दन गौतम (19) पुत्र रामआधार गौतम निवासी सोनावां, थाना चांदा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपितों की निशानदेही और कब्जे से ट्रक संख्या UP45T 8071 पर लदी करीब 41 टन सरिया बरामद की गई।
पुलिस ने बताया कि सरिया बरामद करने के साथ ही घटना में इस्तेमाल किए गए ट्रेलर को भी कब्जे में लिया गया है। बरामद ट्रेलर का नंबर HR38AJ0482 बताया गया है।
बरामद सरिया की कीमत करीब 19 से 20 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सरिया को किस तरह रास्ते में गायब किया गया और इसे कहां बेचने की योजना थी।
पुलिस जांच के दौरान मामले में जयदीप यादव और सौरभ के नाम भी सामने आने की बात कही गई है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
गिरफ्तार दोनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। मामले की आगे की जांच में सरिया चोरी के पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपितों की भूमिका स्पष्ट होने की उम्मीद है। UP News:
विज्ञापन