विज्ञापन
UP News: पुलिस ने मोबाइल फोन जब्त करके कॉल डिटेल की जांच कर रही है । पुलिस का कहना है कि परिजनों से पूछताछ और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

UP News: बदायूं में एक सब इंस्पेक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। दरोगा मेघ श्याम गौतम का शव उनके किराए के कमरे में दरवाजे के ऊपर बनी खिड़की से फंदे के सहारे लटका मिला है। घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के मधुबन कॉलोनी की है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मकान मालिक विकेश ने बताया कि उनका दो मंजिला मकान है। दरोगा गौतम पिछले एक साल से फर्स्ट फ्लोर पर रह रहे थे। उसी फ्लोर पर दो अन्य परिवार भी रहते हैं।
विकेश के मुताबिक, "घटना के समय मैं गांव गया हुआ था। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे मेघश्याम की बेटी का फोन आया। उसने बताया कि काफी देर से फोन लगाने पर भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। मैंने यह बात फोन पर पत्नी को बताई। पत्नी ने दरोगा के कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद मैं गांव से घर आया और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर मेघश्याम का शव फंदे से लटका हुआ मिला। उन्होंने बताया कि मेघश्याम के कमरे के दोनों गेट अंदर से बंद थे। जिस दरवाजे के रोशनदान से शव लटका मिला, वह भी अंदर से बंद था।
मेघश्याम गोतम 1986 में सिपाही पद पर पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे। इसके बाद दरोगा पद पर प्रमोट हो गए। 2024 में बरेली से ट्रांसफर होकर बदायूं आए थे। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे ब्रजनंदन और मयंक हैं। एक बेटी राधिका भी है। बड़े बेटे ब्रजनंदन की शादी हो चुकी है और वह प्राइवेट जॉब करता है।
पुलिस ने क्या कहा?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि, एसपी अंकिता शर्मा ने सुसाइड की आशंका जताई है। उन्होंने बताया- दरोगा मेघश्याम गौतम (55) कोर्ट सुरक्षा में तैनात थे। वह मूलरूप से मथुरा के गोविंदनगर थाना के सकना गांव के रहने वाले थे। मोबाइल फोन जब्त करके कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की है। परिजनों से पूछताछ और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
विज्ञापन