धनुष-बाण’ लेकर CBI दफ्तर पहुंचा हमलावर, ASI को बना डाला निशाना
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 06:35 PM
UP News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित CBI कार्यालय में सुरक्षा में तैनात ASI पर तीर से हमला करने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि आरोपी दिनेश मुर्मू नामक व्यक्ति ने पहले CBI दफ्तर के मुख्य गेट पर एएसआई वीरेंद्र सिंह को निशाना बनाकर तीर चलाया और फिर दफ्तर के अंदर घुसकर एक और तीर मारा। इस हमले में एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए।
तैयारी के साथ आया था हमलावर
घटना शुक्रवार की है। ASI वीरेंद्र सिंह, जो कि लखनऊ पुलिस लाइन से CBI दफ्तर की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे, उस वक्त मुख्य गेट पर चेकिंग कर रहे थे। तभी 50 वर्षीय दिनेश मुर्मू, जो बिहार का रहने वाला है, वहां पहुंचा। जब एएसआई ने उससे पूछताछ की, तो उसने अपने झोले से धनुष और बाण निकाला और पहला तीर एएसआई के पेट में मार दिया।
बचने के लिए अंदर भागे एएसआई
पहले तीर के लगते ही घायल एएसआई जान बचाने के लिए अंदर भागे, लेकिन आरोपी ने वहीं रुकने के बजाय उनका पीछा किया और दफ्तर के अंदर घुसकर दूसरा तीर भी चला दिया। यह हमला देख वहां तैनात अन्य सुरक्षाकर्मियों में भगदड़ मच गई। इस दौरान एक सतर्क जवान ने डंडे से आरोपी को मारकर काबू में किया और जमीन पर गिरा दिया। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पहले भी कर चुका है हमले
जांच में सामने आया है कि दिनेश मुर्मू कोई पहली बार ऐसा नहीं कर रहा था। वह पहले भी कई बार सरकारी कर्मचारियों से मारपीट के मामलों में जेल जा चुका है। आरोपी पहले रेलवे में कार्यरत था लेकिन 2000 में बर्खास्त कर दिया गया था। 2005 में दिल्ली पुलिस के सिपाही से मारपीट के मामले में जेल गया। 2015 में जौनपुर में जीआरपी के सिपाही से भी मारपीट की थी। गौरतलब है कि दिनेश मुर्मू ने रेलवे में नौकरी के दौरान एक रेलवे ट्रैक इंस्पेक्टर के खिलाफ CBI में रिश्वत की शिकायत की थी, जिसके बाद CBI की एंटी करप्शन टीम ने इंस्पेक्टर को गिरफ्तार भी किया था। UP News