
UP News : उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के दांदरपुर गांव में कथावाचकों से हुई कथित बदसलूकी के बाद हालात फिर से तनावपूर्ण हो गए हैं। शनिवार को उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के दांदरपुर गांव में 'अहीर रेजिमेंट' से जुड़े लोगों ने गांव की ओर कूच किया, जहां पुलिस द्वारा रोके जाने पर मामला बिगड़ गया। भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसके जवाब में बल प्रयोग करते हुए पुलिस को हवाई फायरिंग तक करनी पड़ी।
बता दें कि हाल ही में उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के दांदरपुर गांव में यादव समुदाय के कथावाचकों के साथ कथित अभद्रता की घटना सामने आई थी, जिससे इलाके में सामाजिक तनाव व्याप्त हो गया। इस मामले में ब्राह्मण और यादव समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए हैं। शनिवार को गगन यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में 'अहीर रेजिमेंट' से जुड़े लोग गांव की ओर बढ़े। पुलिस ने उन्हें गांव की सीमा पर ही रोकने की कोशिश की, जिस पर भीड़ उग्र हो उठी और पथराव करने लगी।
पुलिस द्वारा रोकने की कोशिश पर भीड़ ने जवाबी हमला करते हुए पथराव शुरू कर दिया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि पुलिस की एक वाहन को नुकसान पहुंचा। जान-माल की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस को आत्मरक्षा में कई राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। प्रारंभिक हंगामे के दौरान पुलिस कुछ देर बैकफुट पर रही, लेकिन वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से कई उपद्रवियों को मौके पर ही गिरफ्तार किया, जबकि अन्य की तलाश वीडियो फुटेज के जरिए की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीशचंद्र ने बताया कि कुछ लोगों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया था, जिसे तत्काल काबू में कर लिया गया। दर्जन भर से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गांव के बाहर पहले से ही पुलिस बल तैनात था और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन तैयार है। UP News