उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के फतेहपुर देवा में सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। हादसे में गंगा स्नान से लौट रहे एक परिवार की कार, जो बिठुर से बाराबंकी अपने घर लौट रही थी, ट्रक से टकरा गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को लखनऊ के एक हायर सेंटर में रेफर किया गया है। UP News
यह दुर्घटना उत्तर प्रदेश के फतेहपुर देवा मार्ग के विशुनपुर कस्बे के पास हुई। इस दुर्घटना में, एक तेज रफ्तार ट्रक और बिना नंबर की अर्टिगा कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह बताया जा रहा है।
हादसे में मरने वालों में कार के ड्राइवर श्रीकांत शुक्ला, प्रदीप सोनी और उनकी पत्नी माधुरी सोनी, उनके बेटे नितिन के अलावा एक अन्य अज्ञात व्यक्ति भी शामिल हैं। घायलों में प्रदीप सोनी का बेटा नैमिष और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति हैं। सभी लोग कानपुर के बिठुर से गंगा स्नान करके वापस अपने घर फतेहपुर जा रहे थे।
राहत कार्य और पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय मौके पर पहुंचे। स्थानीय पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत बाहर निकाला गया और उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। गंभीर घायलों को जिला अस्पताल से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया था। जिसमें आज दोपहर को सूचना मिली की 2 लोगों की भी मौत हो गई है। पुलिस ने दुर्घटना के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में यह दुर्घटना तेज रफ्तार के कारण हुई प्रतीत हो रही है।
हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया था, जिसे क्रेन की मदद से हटवाकर यातायात को बहाल किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव ने बताया कि घायलों को पहले सीएचसी से जिला अस्पताल भेजा गया था, लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।