
Train schedule change: उत्तर प्रदेश में कोहरे का असर साफ दिखाई देने लगा है। कोहरे की मार ट्रेनों के संचालन पर भारी पड़ने लगी है। रेलवे ने कोहरे के कारण चित्रकूट इंटरसिटी समेत छह ट्रेनों को 2 दिसंबर से फरवरी-मार्च 2023 तक रद्द करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा 8 ट्रेनों के फेरे घटाए हैं। कई ट्रेनें आंशिक रूप से कुछ स्टेशनों के बीच नहीं चलाई जाएंगी। इससे यात्रियों को परेशानी तो होगी और उन्हें टिकट लौटाने पड़ रहे हैं।
ट्रेनों का रद्द करने की इस घोषणा के बाद अब दूसरी ट्रेनों में टिकट लेने की होड़ मची हुई है। दिल्ली, हावड़ा, मुंबई, बिहार, बंगाल की ओर जाने वाली ट्रेनों में टिकट के लिए मारामारी है। लगभग हर ट्रेन की वेटिंग लिस्ट लंबी हो गई है। तेजस और वंदे भारत में भी जगह नहीं मिल रही है।
तेजस और वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में भी अग्रिम टिकट बुकिंग नहीं मिल पा रही है। चित्रकूटधाम से कानपुर सेंट्रल स्टेशन के लिए संशोधित समय पर दो दिसंबर से नई ट्रेन चलेंगी। मुंबई सेंट्रल अनवरगंज विशेष ट्रेन में कोच बढ़ाया गया है। गोरखपुर-बांद्रा अतिरिक्त फेरा लगाएगी।
11123 ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस प्रतिदिन की जगह 1 दिसंबर से 27 फरवरी तक सोमवार और गुरुवार को चलेगी। बरौनी-ग्वालियर एक्सप्रेस- 11124 दो दिसंबर से 28 फरवरी तक मंगलवार और शुक्रवार को चलेगी। रविवार छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलने वाली ट्रेन-12033/12034 कानपुर-नई दिल्ली-कानपुर एक्सप्रेस 1 दिसंबर से 28 फरवरी तक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी।
प्रतिदिन चलने वाली वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-लखनऊ जंक्शन इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन- 11109/11110 तीन दिसंबर से 26 फरवरी तक शनिवार व रविवार को ही संचालित होगी। लखनऊ जंक्शन-आगरा फोर्ट ट्रेन-12179/12180 प्रतिदिन के बजाए तीन दिसंबर से अगले साल 26 फरवरी तक शनिवार व रविवार को चलेगी।
ये ट्रेनें भी रहेंगी प्रभावित हावड़ा-मथुरा साप्ताहिक ट्रेन-12177 आगरा कैंट और मथुरा स्टेशन के बीच 2 दिसंबर से 24 फरवरी तक रद्द रहेगी। मथुरा-हावड़ा साप्ताहिक ट्रेन- 12178 5 दिसंबर से 27 फरवरी तक मथुरा और आगरा कैंट के बीच नहीं चलेगी। प्रतिदिन चलने वाली वीरांगना लक्ष्मीबाई-नई दिल्ली ट्रेन-12279/12280 झांसी से ग्वालियर के बीच 1 दिसंबर से 28 फरवरी 2023 तक रद्द रहेगी।
कोलकाता-आगरा कैंट साप्ताहिक 12319 ट्रेन 7 दिसंबर से 22 फरवरी तक मथुरा-आगरा कैंट के बीच नहीं चलेगी जबकि आगरा कैंट-कोलकाता-12320 8 दिसंबर से 23 फरवरी तक आगरा कैंट-मथुरा के बीच आंशिक रद्द रहेगी।
चित्रकूट धाम से कानपुर सेंट्रल के बीच इंटरसिटी एक्सप्रेस के रद्द रहने के दौरान 1 दिसंबर से 28 फरवरी 2023 तक चित्रकूट धाम-कानपुर सेंट्रल ट्रेन-14109 का संचालन किया जाएगा। ये ट्रेन चित्रकूट धाम से 4:10 बजे चलेगी। अतर्रा में 4:36 बजे, बांदा जंक्शन पर 5:15 बजे, रागौल 5:53 बजे, भरुआ सुमेरपुर 6:11 बजे, यमुना साउथ बैंक 6:45 बजे,
हमीरपुर रोड पर 7:13 बजे, घाटमपुर 7:30 बजे, पतारा 7:50 बजे, कठारा रोड 8:10 बजे, भीमसेन 9:43 बजे और कानपुर सेंट्रल 9:35 बजे पहुंचेगी। सभी स्टेशनों पर दो मिनट का ठहराव निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा प्रत्येक मंगलवार को चलने वाली छपरा-पनवेल एक्सप्रेस-05193 8 एवं 15 नवंबर को भी चलेगी। बुधवार को संचालित हो रही पनवेल-छपरा एक्सप्रेस-05194 9 एवं 16 नवंबर को भी चलेगी। बुधवार को चलने वाली गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनल-05053 9 और 16 नवंबर को चलेगी। गुरुवार को संचालित हो रही बांद्रा टर्मिनल-गोरखपुर-05054 अब 10 और 17 नवंबर को भी चलेगी।
मुंबई सेंट्रल-कानपुर अनवरगंज विशेष ट्रेन-09185/09186 में 12 से 13 नवंबर तक अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ा गया है। सूरत-सूबेदारगंज विशेष ट्रेन-09117/09118 में दो स्लीपर कोच 11 और 12 नवंबर को लगाए जाएंगे।