उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में लखनऊ-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के पदारथपुर स्थित संस्कार ढाबे के पास शनिवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। मृतकों की पहचान दीपक कुमार विश्वकर्मा और मुकेश हरिजन के रूप में हुई है।

UP News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में लखनऊ-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के पदारथपुर के पास रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक काम के सिलसिले में घर से निकले थे। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, शाहगंज डिपो की रोडवेज बस (यूपी 44 एटी 0269) यात्रियों को लेकर सुल्तानपुर से शाहगंज की ओर जा रही थी। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे बस जब पदारथपुर स्थित संस्कार ढाबे के पास पहुंची, तभी सामने से पाण्डेयबाबा की ओर जा रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। UP News:
यह भी पढ़ें : उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में रोजगार का नया ठिकाना तैयार करेगी योगी सरकार, युवाओं को मिलेगा मौका
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के दौलतपुर निवासी दीपक कुमार विश्वकर्मा (24), पुत्र संतोष विश्वकर्मा और मालापुर निवासी मुकेश हरिजन (30), पुत्र परशुराम के रूप में हुई है। बताया गया है कि दोनों युवक घर से पाण्डेयबाबा में लकड़ी का काम करने के लिए निकले थे। रास्ते में उनकी बाइक रोडवेज बस की चपेट में आ गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। वहीं, हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने रोडवेज बस को सड़क किनारे खड़ा करा दिया। चालक के मौके से भागने को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में लेकर मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। UP News:
विज्ञापन