
Umesh Pal Murder Case मेरठ : माफिया सरगना अतीक अहमद के बहनोई डा. अखलाक को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की लखनऊ यूनिट ने शनिवार की देर रात को गिरफ्तार कर लिया है। अखलाक को उमेश पाल हत्याकांड में साजिश का आरोपित बनाया गया है। एसटीएफ का दावा है कि अखलाक आरोपितों की मदद कर रहा था।
एसटीएफ की टीम अखलाक को लेकर प्रयागराज रवाना हो गई है। शनिवार देर रात एसटीएफ ने अतीक अहमद के फरार शूटरों और बेटे की तलाश में मेरठ सहित वेस्ट यूपी में दबिश दी। इस दौरान एसटीएफ ने अतीक अहमद के बहनोई नौचंदी के भवानी नगर निवासी डा. अखलाक को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी रोहित सजवाण ने बताया कि डा. अखलाक को उमेश पाल हत्याकांड में साजिश का आरोपित बनाया गया है। आरोप है कि डा. अखलाक फरार आरोपितों को शरण दे रहा था और उनकी फरारी में मदद कर रहा था। आशंका है कि अतीक का नामजद बेटा असद भी मेरठ में फरारी काट चुका है।
इंटरनेट मीडिया पर अशरफ, उसके साले सद्दाम और भतीजे असद का भी वीडियो प्रसारित हुआ है। कहा जा रहा है कि राजू पाल हत्याकांड में लखनऊ की सीबीआइ कोर्ट में पेशी के बाद तीनों लोग एक साथ दिखाई दिए थे। उमेश सहित तीन की हत्या के बाद फरार असद पर पांच लाख का इनाम घोषित किया गया है तो बरेली के मुकदमे में सद्दाम भी वांछित चल रहा है। बरेली जेल में अशरफ की मदद करने का आरोप सद्दाम पर है। उसकी तस्वीर पहली बार सामने आने का दावा किया जा रहा है।