आसमान से आई अनजानी निगाहें, मुरादाबाद में इन दिनों जागकर कट रही रातें
Uttar Pradesh Samachar
उत्तर प्रदेश
चेतना मंच
30 Nov 2025 05:52 AM
गांवों से शुरू हुआ ड्रोन चोर गैंग का शोर अब शहर की चौखट तक पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश के नया मुरादाबाद कॉलोनी में बीते कई दिनों से रहवासी रात भर जागकर पहरा दे रहे हैं। नया मुरादाबाद के लोगों का दावा है कि रात के समय संदिग्ध ड्रोन गतिविधियां देखी जा रही हैं जिनमें से कुछ की तस्वीरें CCTV कैमरों में भी कैद हुई हैं। Uttar Pradesh Samachar
ड्रोन उड़ाते हुए धराए तीन युवक
जानकारी के मुताबिक, यह सिलसिला 3 जुलाई को अमरोहा के रजबपुर गांव से शुरू हुआ जब ग्रामीणों ने रात 11 बजे तीन युवकों को ड्रोन उड़ाते हुए पकड़ा। पूछताछ में पता चला कि वे यूट्यूब और इंस्टाग्राम के लिए वीडियो बना रहे थे। ग्रामीणों के गुस्से से बचाने के लिए पुलिस को बुलाया गया और जांच के बाद यह कहकर छोड़ दिया गया कि उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। हालांकि, इस घटना के बाद से अफवाहें फैलनी शुरू हो गईं कि एक ड्रोन चोर गैंग सक्रिय है जो पहले ड्रोन से इलाके की रेकी करता है और फिर चोरी या डकैती की योजना बनाता है। यह अफवाह मुरादाबाद रेंज के पांचों जिलों में फैल गई और ग्रामीणों ने रात में ड्रोन देखने के दावे भी किए।
अब यह डर शहर के लोगों को भी बेचैन कर रहा है। नया मुरादाबाद क्षेत्र में लोग पूरी रात पहरा देने को मजबूर हैं। कई स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने संदिग्धों की गतिविधियां कैमरे में रिकॉर्ड की हैं, लेकिन पुलिस अभी तक किसी औपचारिक शिकायत या ठोस सबूत की पुष्टि नहीं कर पाई है। पुलिस प्रशासन इस मामले को अफवाह और मानसिक भ्रम मान रहा है, लेकिन बढ़ती आशंका और नागरिकों की रातों की नींद उड़ने से पुलिस की सतर्कता पर भी सवाल उठने लगे हैं। Uttar Pradesh Samachar