उन्नाव-लालगंज हाईवे पर बुधवार सुबह एक ऐसा भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने मौके पर मौजूद लोगों को झकझोर दिया। निहस्था ओवरब्रिज पर दो भारी वाहनों की टक्कर के बाद हालात बेहद गंभीर हो गए। पुलिस और राहत टीम को मौके पर क्या करना पड़ा। पढ़े पूरी खबर।

UP News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। खीरों थाना क्षेत्र के निहस्था ओवरब्रिज पर खड़े डंपर में पीछे से आ रहे आलू लदे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक का शव बाहर निकलवाया। हादसे में घायल डंपर चालक और ट्रक के कंडक्टर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 5 बजे उन्नाव-लालगंज हाईवे पर खीरों थाना क्षेत्र के निहस्था ओवरब्रिज के ऊपर डंपर चालक धर्मेंद्र निवासी ग्राम सुजानपुर, जनपद फतेहपुर ने अपना वाहन खड़ा कर रखा था। बताया गया कि वह डंपर की हवा चेक कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आलू लादकर आ रहा एक ट्रक अनियंत्रित हो गया और सीधे खड़े डंपर में जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में ट्रक चालक मनीष (करीब 25 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वह हरियाणा के पलवल जिले के थाना ओटाबढ़ क्षेत्र के जनीयाला खुर्द झाड़ा का निवासी था। टक्कर के बाद ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और चालक का शव केबिन में ही फंस गया। सूचना मिलने पर खीरों पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जेसीबी की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू की।
इस भीषण हादसे में डंपर चालक धर्मेंद्र और ट्रक का कंडक्टर जुबेर गंभीर रूप से घायल हो गए। जुबेर हरियाणा के पलवल जिले के थाना हसनपुर क्षेत्र के नगला जार्ज जवार का निवासी बताया गया है। पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
खीरों थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त डंपर और ट्रक को क्रेन की मदद से हटवाकर चौकी सेमरी पर सुरक्षित खड़ा करा दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। थाना प्रभारी के मुताबिक, फिलहाल हाईवे पर आवागमन सुचारू रूप से जारी है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या नहीं है।
विज्ञापन