उत्तर प्रदेश के आगरा से शादी के नाम पर कथित धोखाधड़ी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता शादी के महज छह दिन बाद घर से नकदी और जेवर लेकर कथित तौर पर फरार हो गई।

UP News : उत्तर प्रदेश के आगरा से शादी के नाम पर कथित धोखाधड़ी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता शादी के महज छह दिन बाद घर से नकदी और जेवर लेकर कथित तौर पर फरार हो गई। परिवार का आरोप है कि सुहागरात के दिन दुल्हन ने तबीयत खराब होने की बात कहकर पति से कुछ समय तक एक-दूसरे को समझने की बात कही थी। इसके कुछ दिन बाद वह अचानक घर से गायब हो गई। परिजनों के मुताबिक, दुल्हन अपने साथ लाखों रुपये के जेवर और नकदी भी ले गई। घर में तलाश करने पर दूल्हे के भाई की पत्नी के गहने भी गायब मिले। UP News
मुकदमे के अनुसार, प्रधान जी की बगीची, सेक्टर-14 सिकंदरा निवासी गुड्डी देवी के बड़े बेटे विष्णु की पहली पत्नी से अलगाव हो चुका था। परिवार उसके लिए दोबारा रिश्ता तलाश रहा था। इसी दौरान शमसाबाद निवासी जवाहर सिंह ने परिवार से संपर्क किया। आरोप है कि बिचौलिये ने प्रयागराज निवासी प्रीति नाम की युवती के बारे में बताया। उसने दावा किया कि लड़की के माता-पिता नहीं हैं और परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। शादी का खर्च भी लड़के के परिवार को उठाना होगा। इसके बाद रिश्ता जल्द तय कराने की बात कही गई।
परिवार के मुताबिक, 26 जून को लड़की को आगरा बुलाकर विष्णु को दिखाया गया। बातचीत के बाद रिश्ता तय हो गया और अगले ही दिन 27 जून को दोनों की शादी करा दी गई। UP News
शादी के बाद प्रीति ससुराल पहुंची। परिवार के अनुसार, 28 जून को सुहागरात के समय उसने तबीयत खराब होने की बात कही। उसने पति से कहा कि शादी जल्दबाजी में हुई है और दोनों को पहले एक-दूसरे को समझने के लिए कुछ समय देना चाहिए। विष्णु ने उसकी बात मान ली। परिवार का आरोप है कि इसके बाद दोनों एक ही कमरे में रहने के बावजूद पति-पत्नी के बीच सामान्य वैवाहिक संबंध नहीं बने। परिवार के अनुसार, 3 जुलाई की सुबह गुड्डी देवी की नजर घर के खुले दरवाजों पर पड़ी। जांच करने पर प्रीति घर में नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने घर में रखे सामान की जांच की तो दुल्हन के कमरे से जेवर और नकदी गायब मिले। बाद में दूल्हे के भाई राहुल की पत्नी के जेवर भी घर से गायब पाए गए। परिवार ने बिचौलिये जवाहर सिंह से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कथित तौर पर उसे भी दुल्हन के ठिकाने की जानकारी नहीं थी। UP News
परिवार ने आरोप लगाया है कि दुल्हन घर से पांच लाख रुपये से अधिक कीमत के जेवर, करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान लेकर गई है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद बिचौलिये ने उन्हें मामले को लेकर चुप रहने की सलाह दी और कार्रवाई करने पर उल्टा मुकदमा दर्ज होने की बात कही। परिवार का कहना है कि उन्हें दुल्हन के कथित मायके का सही पता भी नहीं चल पाया। इसके बाद उन्होंने सिकंदरा थाने में शिकायत की, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं किया। पुलिस से कार्रवाई नहीं होने के बाद गुड्डी देवी ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश के बाद सिकंदरा थाने में दुल्हन प्रीति, उसके कथित भाई धारा सिंह, बिचौलिये जवाहर सिंह समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। UP News
विज्ञापन