
UP Board Result 2023 : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वार्षिक परीक्षा में नोएडा के अयान (10 वर्ष) ने हाईस्कूल की परीक्षा पास कर ली है। लेकिन हम आपको बताते हैं कि अयान से पहले भी एक 10 वर्षीय बालक भी हाईस्कूल की परीक्षा पास चुका है। यही नहीं एक सात साल की बच्ची ने भी कम में उम्र में हाईस्कूल पास करने का रिकार्ड बनाया था।
यूपी बोर्ड का नियम कहता है कि हाईस्कूल की परीक्षा देने के लिए परीक्षार्थी की उम्र कम से कम 14 साल होनी चाहिए। लेकिन लखनऊ की सुषमा वर्मा ने महज 7 साल और आदित्य श्री कृष्ण ने 10 साल में 10वीं की परीक्षा पास करने का कारनामा किया था। जिसके लिए इन्हें उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद से विशेष अनुमति लेनी पड़ी थी।
जानकारी के अनुसार, लखनऊ की सुषमा वर्मा ने 2007 में सबसे कम उम्र में हाईस्कूल की परीक्षा पास करके लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया था। उस वक्त सुषमा की उम्र 7 साल, तीन महीने और 28 दिन थी। सुषमा वर्मा सेंट मीरा इंटर कॉलेज लखनऊ की छात्रा थीं। सुषमा को यूपी बोर्ड परीक्षा में बैठने के लिए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद से विशेष अनुमति लेनी पड़ी थी। जीनियस सुषमा वर्मा के कारनामे पढ़ाई में आगे भी जारी रहे। उन्होंने महज 15 साल उम्र में माइक्रोबायोलॉजी में एमएससी करके पीएचडी में एनरोलमेंट करा लिया था। इस तरह वह सबसे कम उम्र में एमएससी पूरी करने के साथ पीएचडी स्टूडेंट भी बन गई थीं।
लखनऊ के राष्ट्रम आदित्य श्रीकृष्ण ने साल 2021 में महज 10 साल की उम्र में 10वीं की परीक्षा पास करके रिकॉर्ड बनाया था। एमडी शुक्ला इंटर कॉलेज, लखनऊ के छाद्ध आदित्य ने हिंदी में 82, इंग्लिश में 83, मैथमेटिक्स में 76, साइंस में 84 और सोशल साइंस में 86 मार्क्स हासिल किए थे। आदित्य को 10वीं की परीक्षा देने के लिए स्पेशल परमीशन दी गई थी। यह दूसरी बार था जब यूपी बोर्ड ने किसी बच्चे को 10वीं की परीक्षा में बैठने के लिए स्पेशल परमीशन दी थी। आदित्य श्री कृष्ण की इस स्टोरी में एक बात और खास है। रिपोर्ट के अनुसार, यह बच्चा नौवीं के पहले कभी स्कूल नहीं गया था. यूपी बोर्ड की विशेष अनुमति के बाद इस बच्चे का एडमिशन नौवीं क्लास में हुआ था।