योगी सरकार के द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 का बजट ( UP Budget) 22 फ़रवरी को दोनों सदनों में प्रस्तुत किया जाना है और इसी के संबंध में बजट सत्र के पहले दिन प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल दोनों सदनों के लिए संयुक्त रूप से अभिभाषण प्रस्तुत करेंगी। लेकिन सत्र की शुरुआत से पहले ही समाजवादी पार्टी के विधायकों ने राज्य विधानसभा के बाहर ही विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है। शिवपाल समेत कई सपा विधायक धरने पर बैठे हुए हैं और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भी विधानसभा पहुँच चुके हैं। सभी विधायकों के हाथों में तख्तियाँ देखी जा रहीं हैं और नियंत्रण के लिए भारी मात्रा में पुलिस फोर्स भी मौजूद है।
6 मार्च तक संचालित होगा UP Budget सत्र
20 फ़रवरी से शुरू होने वाला UP Budget सत्र 6 मार्च तक चलेगा और इस दौरान यह सूचना मिली है कि प्रत्येक दिन के एजेंडे को उसी दिन समाप्त किया जाएगा। निश्चित दिन में कार्य को समाप्त करने के लिए देर शाम तक सदन की कार्यवाही संचालित की जा सकती है। योगी आदित्यनाथ का कहना है कि सदन की गरिमा को बनाये रखने के लिए एवं सकारात्मक कार्यवाही हेतु जनकल्याण के मुद्दों पर चर्चा की जायेगी।
किन्तु वर्तमान समय में सदन में इसके विपरीत ही माहौल देखने को मिल रहा है। समाजवादी पार्टी के विधायकों के द्वारा लगातार सदन में नारेबाजी देखने को मिल रही है। गो बैक के नारे लगाए जा रहे हैं।
UP Budget
वहीं आम लोगों के लिए सुगमता बनाये रखने के लिए रुट डायवर्जन भी किया गया है एवं सुरक्षा व्यवस्था में इजाफा किया गया है। लखनऊ के डीएम सूर्यपाल गंगवार सारी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। विधानसभा के बाहर PAC के जवानों को भी तैनात किया गया है। 22 फ़रवरी को प्रदेश वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के द्वारा बजट प्रस्तुत किया जायेगा।