
भाईचारे की राजनीति से खुशहाली लाएंगे: अखिलेश
गाजियाबाद । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश की गंगा-जमुनी तहजीब को नष्ट करने वालों को जनता जरूर जवाब देगी। उन्होंने कहा कि सपा और रालोद का गठबंधन प्रदेश की खुशहाली के लिए हुए है। हम दोनों भाईचारे की राजनीति से प्रदेश में खुशहाली लाएंगे। सपा प्रमुख अखिलेश यादव आज गाजियाबाद में रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी के साथ एनएच-24 स्थित वेदांता फार्म हाउस में संयुक्त प्रेसवार्ता कर रहे थे। इस दौरान सपा-रालोद गठबंधन के सभी प्रत्याशी भी मौजूद थे। प्रेसवार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने गाजियाबाद में बंद हुए साइकिल कारखाने को सरकार आने के बाद शुरू करने के अलावा खोड़ा कालोनी में अस्पताल, डिग्री कॉलेज तथा घर-घर में साफ पानी पहुंचाने के अलावा गाजियाबाद और साहिबाबाद में कोरोना महामारी के कारण लघु उद्योग को नुकसान से उबारने की घोषणा की।