UP Election: क्या रालोद के ‘धनपति’ को स्वीकारेंगे जेवर वाले? क्या है मौजूदा स्थिति?
UP Election जेवर से चुनाव लड़ेंगे अवतार सिंह भड़ाना.
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:05 AM
UP Elections 2022: जेवर (चेतना मंच)। अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के शिलान्यास से दुनिया भर में पहचान बना चुके जेवर (Jewar) में कल से कुछ सवाल गूंज रहे हैं। इस पूरे विधानसभा क्षेत्र (Jewar Assembly Seat) में सवाल पूछा जा रहा है कि उड़नखटोले पर सवार होकर आए राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के ‘धनपति’ प्रत्याशी (UP Election) का क्या होगा? क्या जनता उन्हें स्वीकार कर लेगी और विधायक बनने लायक वोट दे देगी? सब जानते हैं कि जेवर विधानसभा सीट देशभर में सुर्खियां बटोर चुकी है। यही वह क्षेत्र है जहां अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे ((Jewar Airport)) का शिलान्यास हुआ है। एक माह पूर्व ही शिलान्यास के इस कार्यक्रम को दुनिया भर में देखा व सुना गया था।
विधानसभा के चुनाव (UP Election) में भी इस सीट को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सबकी निगाह इस बात पर है कि जहां प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का यह ड्रीम प्रोजेक्ट बन रहा है। वहां की जनता चुनाव में क्या फैसला करती है। वर्तमान में इस सीट पर भाजपा के विधायक धीरेन्द्र सिंह का कब्जा है। भाजपा के अंदरूनी सूत्रों का दावा है कि इस चुनाव में भी सिंह ही भाजपा (BJP) के प्रत्याशी होंगे। सूत्र दावा कर रहे हैं कि पार्टी संगठन से लेकर क्षेत्रीय सांसद तक का विरोध भी उनका टिकट नहीं बदलवा पा रहे हैं।
इस सीट पर बहुजन समाज पार्टी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेन्द्र डाढा के भाई नरेन्द्र भाटी को मैदान (UP Election) में पहले ही उतार चुकी है। कांग्रेस ने अपने युवा चेहरे के तौर पर मनोज चौधरी को प्रत्याशी बनाया है। समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) व रालोद गठबंधन (RLD) में यह सीट रालोद को मिली है। रालोद ने यहां से हरियाणा से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चर्चित चेहरे अवतार सिंह भड़ाना को टिकट दे दिया है। यूं तो भड़ाना के यहां से चुनाव लड़ने की अटकलें महीनों से थी, लेकिन कल इस पर अधिकारिक मोहर लग गई है।
UP Chunav 2022: सपा-रालोद गठबंधन की पहली लिस्ट जारी, 29 नामों का ऐलान, पढ़ें किसे कहां से मिला टिकट
कल जब से अवतार सिंह भड़ाना (Avtar Singh Bhadana) का टिकट फाइनल हुआ है तभी से क्षेत्र में कुछ सवाल गूंज रहे हैं। सबसे पहला सवाल तो यह है कि श्री भड़ाना का जेवर क्षेत्र से क्या रिश्ता है? क्या जेवर की जनता मेरठ लोकसभा क्षेत्र व मीरापुर विधानसभा क्षेत्र की जनता की तरह भड़ाना को हाथोंहाथ लेगी? क्या यहां की जनता श्री भड़ाना को केवल इसलिए वोट देगी कि वे एक बड़े धनपति हैं ? सवाल यह भी पूछा जा रहा है कि इस बात की क्या गारंटी है कि वे फरीदाबाद, मेरठ व मीरापुर की तरह यहां से भी चुनाव जीतते ही रफूचक्कर नहीं हो जाएंगे? ऐसे ढ़ेरों सवाल हैं। इन सवालों का जवाब अगले कुछ दिनों में मिलना शुरू हो जाएगा।
लेकिन राजनीतिक विश्लेषक यह मानकर चल रहे हैं कि भड़ाना को जेवर में मेरठ व मीरापुर जैसा ‘वेलकम’ तो कतई मिलने वाला नहीं है। चेतना मंच की टीम क्षेत्र में अपनी नजर बनाए हुए है। जैसे-जैसे चुनावी सरगर्मी आगे बढ़ेगी वैसे-वैसे हम पूरी वस्तुस्थितियों से पाठकों को अवगत कराते रहेंगे।