विज्ञापन
UP News : बेकाबू डंपर ने पहले एक पेड़ को टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे सो रहे परिवार पर चढ़ गया। भयानक चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे।

UP News : बाराबंकी के फतेहपुर थाना क्षेत्र के झांसा गांव में एक बेहद दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया। बेकाबू डंपर ने घर के बाहर सो रहे एक परिवार को कुचल दिया, जिसमें पिता और तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हैं।
शुक्रवार रात करीब 2 बजे यह हादसा हुआ। परिवार बिजली न होने के कारण गर्मी से परेशान होकर घर के बाहर मच्छरदानी लगाकर सो रहा था। नीरज (35 वर्ष) अपनी पत्नी आरती (35 वर्ष) और तीन बच्चे - अनुराग (13), अंशिका (10) तथा अंशू (6) के साथ सो रहे थे।
बेकाबू डंपर ने पहले एक पेड़ को टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे सो रहे परिवार पर चढ़ गया। भयानक चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने नीरज और तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। आरती की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया है। नीरज किराए की मैजिक चलाकर परिवार का गुजारा करते थे। UP News
नीरज के मामा कृपा राम ने बताया, “रात करीब तीन बजे हमें फोन आया। जब हम अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि सब कुछ खत्म हो गया। गर्मी में बाहर सो रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।”
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले में FIR दर्ज कर जांच की जा रही है। UP News
विज्ञापन