विज्ञापन
UP Crime : नकाबपोश बाइक सवारों ने दुल्हे की कार पर फायरिंग की। परिजन खून में लथपथ दूल्हे को जब सरकारी अस्पताल लेकर गए तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

UP Crime : जौनपुर में 22 साल का एक युवक दुलाह बन कर बारात लेकर चला था लेकिन रास्ते में उसकी हत्या कर दी गई। नकाबपोश बाइक सवारों ने दुल्हे की कार पर फायरिंग की। इस अपराध को कथित तौर पर दुल्हन के एक रिश्तेदार ने अंजाम दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडऊर गांव के रहने वाले रामलखन का बेटा आजाद बिंद पुणे में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था।उसकी शादी खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव में तय हुई थी। शादी की तारीख 1 मई तय की गई थी। शाम को बारात रवाना हुई। बारात में तीन गाड़ियां थीं जिनमें से एक में दूल्हा सवार था।
आजाद को बाइक सवारों ने मारी गोली
आजाद का भाई आकाश भी कार में सवार था। उसके मुताबिक बाइक पर सवार दो लोग उनकी कार के पास आए। उनके मुंह पर गमछा था और वह रात में भी आंखों पर धूप का चश्मा लगाए थे। बाइक की नंबर प्लेट को कपड़े से बांध रखा था। बाइक सवारों ने कार का शीशा खटखटाया। दुल्हे ने जैसे ही शीशा नीचे किया, पीछे बैठे युवक ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
परिजन खून में लथपथ आजाद को जब सरकारी अस्पताल लेकर गए तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
'दुल्हन के रिश्तेदार ने चलाई गोली'
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह का कहना है, "खेता सराय थाना इलाके में एक बारात में गोली चलने की खबर मिली थी। जांच करने पर पता चला कि आजाद बिंद नाम के एक युवक की बारात इसी इलाके की ओर जा रही थी। दुल्हन का एक रिश्तेदार प्रदीप बिंद शादी से नाखुश था और अपने साथी रवि यादव के साथ मोटरसाइकिल पर आया और दूल्हे पर गोली चला दी, जिससे अस्पताल पहुंचने पर उसकी मौत हो गई। परिवार की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें बनाई गई हैं, और उनके जल्द पकड़े जाने की उम्मीद है।"
विज्ञापन
विज्ञापन