क्या आम लोगों की समस्याओं को आवाज देने का उनका प्रशासनिक अनुभव अब राजनीतिक मंच पर दिखाई देगा ? आखिर उनकी राजनीतिक यात्रा का अगला पड़ाव क्या होगा और वह किस तरह का राजनीतिक मंच तैयार करेंगी ?

UP News : उत्तर प्रदेश कैडर की चर्चित पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा से विदाई के बाद अपनी नई पारी का ऐलान कर दिया है। 13 साल तक आईएएस अधिकारी के रूप में काम करने के बाद अब दिव्या मित्तल राजनीति में कदम रखेंगी, लेकिन उन्होंने साफ कर दिया है कि फिलहाल वह किसी राजनीतिक दल का हिस्सा नहीं बनेंगी। उन्होंने उत्तर प्रदेश को अपनी राजनीतिक यात्रा की कर्मभूमि बताते हुए कहा कि वह अपनी राह अकेले शुरू करेंगी। UP News
दिव्या मित्तल ने मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर जारी करीब 10 मिनट के वीडियो के जरिए अपने भविष्य की योजना सार्वजनिक की। उन्होंने कहा कि वह उत्तर प्रदेश से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करेंगी। हालांकि, उन्होंने किसी पार्टी में शामिल होने की संभावना को फिलहाल खारिज किया है। दिव्या मित्तल के मुताबिक उनकी राजनीति का केंद्र आम लोगों की समस्याएं और उनकी आवाज को सामने लाना होगा। उन्होंने कहा कि कई ऐसे लोग हैं जिनकी समस्याएं सरकारी कार्यालयों तक नहीं पहुंच पातीं और पहुंचने के बाद भी कई बार उनकी सुनवाई नहीं होती। राजनीति के जरिए वह ऐसे लोगों की आवाज उठाना चाहती हैं। UP News
दिव्या मित्तल 2013 बैच की उत्तर प्रदेश कैडर की आईएएस अधिकारी रही हैं। उन्होंने 30 अगस्त 2026 को आईएएस सेवा से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। उनका इस्तीफा 15 सितंबर से प्रभावी हुआ। इससे पहले वह उत्तर प्रदेश के राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थीं। अपने प्रशासनिक करियर में दिव्या मित्तल मिर्जापुर, संत कबीर नगर और देवरिया की जिलाधिकारी भी रह चुकी हैं। प्रशासनिक सेवा के दौरान उनकी कार्यशैली और सोशल मीडिया पर सक्रियता के कारण वह उत्तर प्रदेश में चर्चित अधिकारियों में शामिल रही हैं। UP News
राजनीति में आने की घोषणा के दौरान दिव्या मित्तल ने अपने प्रशासनिक कार्यकाल के अनुभवों को भी याद किया। उन्होंने मिर्जापुर के लहुरियादह क्षेत्र का उदाहरण देते हुए बताया कि एक महिला ने उनसे गांव में स्कूल की अगली कक्षा शुरू कराने की मांग की थी। उनके मुताबिक, उन्हें उम्मीद थी कि महिला पेंशन, आवास या पानी जैसी किसी सुविधा की मांग करेगी, लेकिन महिला की प्राथमिकता बच्चों की आगे की पढ़ाई थी। दिव्या मित्तल ने सरकारी जमीन के पट्टे से जुड़े एक अन्य मामले का भी उल्लेख किया और बताया कि प्रशासनिक स्तर पर दस्तावेजों की जांच कराने के बाद संबंधित रिपोर्ट में गड़बड़ी सामने आई थी। उनके अनुसार, इस मामले में कार्रवाई भी की गई। UP News
दिव्या मित्तल के आईएएस से इस्तीफा देने के बाद से ही उनके राजनीति में आने की अटकलें लगाई जा रही थीं। 27 सितंबर को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए संकेत दिया था कि वह 29 सितंबर की सुबह अपने अगले कदम का खुलासा करेंगी। उस समय राजनीति के अलावा विदेश लौटने, कोचिंग और पुस्तक लेखन जैसे विकल्पों की चर्चा भी चल रही थी। हालांकि अब उन्होंने खुद स्पष्ट कर दिया है कि उनकी अगली पारी राजनीति में होगी। दिव्या मित्तल की घोषणा का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि उन्होंने किसी राजनीतिक दल के साथ जुड़ने की घोषणा नहीं की है। उनका कहना है कि वह उत्तर प्रदेश से अपनी राजनीतिक यात्रा अकेले शुरू करेंगी। ऐसे समय में जब उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां राजनीतिक दलों के स्तर पर तेज हो रही हैं, एक पूर्व आईएएस अधिकारी का राजनीति में प्रवेश और वह भी किसी दल में शामिल हुए बिना, अपने आप में चर्चा का विषय बन गया है। UP News
विज्ञापन