विज्ञापन
UP Weather Today: मौसम विभाग ने महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर समेत कुल 26 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि इन इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना है।

UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में लंबे समय से गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में मानसून की एंट्री अब कभी भी हो सकती है। अनुमान है कि मंगलवार से बुधवार के बीच मानसून सक्रिय हो जाएगा जिससे कई जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। इसी को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने प्रदेश के कई हिस्सों के लिए भारी बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर समेत कुल 26 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि इन इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना है। ऐसे में लोगों को मौसम की जानकारी पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
भारी बारिश के साथ-साथ कई जिलों में मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, कौशांबी, प्रतापगढ़, चित्रकूट, बांदा, चंदौली, जौनपुर, आजमगढ़, बलिया, गोरखपुर, महाराजगंज, गोंडा और बहराइच सहित 29 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: आज का मौसम: 13 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, चेक करें लिस्ट
सोमवार को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम का अलग-अलग असर देखने को मिला। बहराइच में सबसे अधिक 104 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि श्रावस्ती में 80 मिलीमीटर बारिश हुई। दूसरी ओर, आगरा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा अलीगढ़ में 42 डिग्री और बांदा में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मंगलवार से बुधवार के बीच प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेजी से बढ़ेंगी। उनका कहना है कि जुलाई के पहले सप्ताह में उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, बाराबंकी, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बरेली समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। विभाग लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और समय-समय पर अपडेट जारी कर रहा है।
पिछले कई दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा रखी थी। अब मानसून के सक्रिय होने की संभावना के साथ लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। यदि मौसम विभाग का अनुमान सही साबित होता है तो आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
विज्ञापन