हापुड़ में महिला पर नशेड़ी का कहर, तमाशा देखती रही भीड़
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 01:30 PM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 01:30 PM
UP News : उत्तर प्रदेश के हापुड़ से एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को कटघरे में खड़ा कर दिया। हापुड़ के आदर्श नगर मोहल्ले में एक युवक ने नशे की हालत में अपनी पड़ोसी महिला को बीच सड़क पर बेरहमी से पीट दिया। हैरानी की बात यह रही कि आसपास मौजूद लोग इस हैवानियत का वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने भी महिला की मदद करने की कोशिश नहीं की।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला गुरुवार दोपहर का है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक महिला को करीब 20 सेकंड में एक के बाद एक 30 से ज्यादा थप्पड़ मारता है। महिला चीखती रही, खुद को बचाने की कोशिश करती रही, लेकिन तमाशबीन भीड़ मोबाइल कैमरे से बस वीडियो शूट करती रही।
एक झटके में चित्त हुआ शराबी
इस बीच महिला का भाई मौके पर पहुंचा। युवक जैसे ही फिर से महिला को मारने के लिए हाथ उठाता है, वैसे ही महिला का भाई उसे जोरदार पटखनी देकर जमीन पर गिरा देता है। एक झटके में नशे में धुत युवक चित्त हो गया। इसके बाद महिला ने भी चप्पल से अपना गुस्सा उतारा।
पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस का कहना है कि युवक नशे की हालत में था और महिला की शिकायत के आधार पर उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है। महिला का मेडिकल भी कराया गया है।
होगी कड़ी कार्रवाई
हापुड़ के सीओ सिटी जितेंद्र शर्मा ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।