उत्तर प्रदेश में ट्रांसफर पोस्टिंग का बड़ा खेल, होम्योपैथिक निदेशक निलंबित
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
17 Jul 2025 12:10 PM
UP News : उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने स्वास्थ्य तंत्र में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के तहत एक और बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के निर्देश पर होम्योपैथिक निदेशक प्रो. अरविंद कुमार वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई के पीछे ट्रांसफर-पोस्टिंग में भारी अनियमितताएं और निजी हितों के लिए की गई सिफारिशें बताई जा रही हैं।
निदेशक को निलंबित करने का आदेश जारी
सूत्रों के अनुसार, निदेशक वर्मा पर आरोप है कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए व्यक्तिगत लाभ के लिए तबादलों की सिफारिश की। जब यह जानकारी आयुष मंत्री तक पहुंची, तो उन्होंने न सिर्फ इसकी गंभीरता से जांच करवाई, बल्कि तत्काल सभी ट्रांसफर आदेश रद्द कर दिए और निदेशक को निलंबित करने का आदेश भी जारी कर दिया।
की जाएगी सख्त कार्रवाई
मंत्री डॉ. मिश्र ने कहा कि, “स्वास्थ्य और आयुष सेवाओं में पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा। जो भी अधिकारी नियमों को ताक पर रखकर काम करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।” UP News