यूपी के पूर्व सांसद उमाकांत यादव को बड़ी राहत, जेल से बाहर आएगा पूर्वांचल का बाहुबली
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 11:57 AM
यूपी में पूर्वांचल की राजनीति में दबदबा रखने वाले बाहुबली नेता और पूर्व सांसद उमाकांत यादव को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। यूपी में हत्या, आगजनी और तोड़फोड़ के मामले में सजा काट रहे यादव को कोर्ट ने सशर्त जमानत मंजूर कर ली है। हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि उमाकांत यादव हर दूसरे महीने के पहले सप्ताह में थाने में हाजिरी लगाएंगे। अपनी किसी भी अचल संपत्ति को न तो बेचेंगे और न ही स्थानांतरित करेंगे। UP News :
अब तक 35 आपराधिक मामले दर्ज हो चुके
उमाकांत यादव ने दलील दी थी कि वह 72 साल के हैं और पिछले 7 साल से जेल में सजा काट रहे हैं। साथ ही यह भी कहा कि उनकी अपील का निस्तारण जल्द संभव नहीं है, लिहाजा उन्हें जमानत पर रिहा किया जाए। पूर्व सांसद के खिलाफ अब तक 35 आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं, जिनमें से 25 में वह बरी हो चुके हैं। वहीं, 4 फरवरी 1995 के जीआरपी सिपाही हत्याकांड में उन्हें जेल की सजा हुई थी। इस केस में कुल सात लोग आरोपी बनाए गए थे।
राजनीतिक सफर
उमाकांत यादव का राजनीतिक सफर भी बेहद दिलचस्प रहा है ।
* 1991: बीएसपी से खुटहन विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बने।
* 1993: सपा-बसपा गठबंधन से दोबारा विधायक चुने गए।
* 1996: गठबंधन टूटने के बाद बीएसपी छोड़कर सपा में शामिल हुए।
* 2002: बीजेपी-जदयू गठबंधन से चुनाव लड़ा, लेकिन हार का सामना करना पड़ा।
पूर्वांचल की राजनीति में लंबे समय तक दहशत और पकड़ बनाए रखने वाले उमाकांत यादव की रिहाई ने सियासी गलियारों में फिर से हलचल मचा दी है। UP News