
UP News : कन्नौज। यूपी के कन्नौज में इन दिनों जल जीवन मिशन का कार्य तेजी से चल रहा है, जिसके तहत गांव-गांव पाइप लाइन डालने का काम कराया जा रहा है। गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मंगवा कर रखे गए पाइप को बीती रात कुछ चोरों ने चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों की सक्रियता से उन्हें रंगे हाथ ट्रैक्टर ट्राली के साथ पकड़ लिया गया। कार्यदायी संस्था ने आरोपी को चोरी के पाइप लदे ट्रैक्टर समेत पुलिस के हवाले करते हुए तहरीर दी है।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के गढ़िया वलिदासपुर गांव में जल जीवन मिशन के तहत पाइप डालने का काम कराया जा रहा है। इसके लिए 90 एमएम और 63 एमएम के पाइप मंगवा कर कार्यदायी संस्था नारायन इंटर प्राइजेज द्वारा गांव के ही सतीश के बाग में रखवा दिए गए। बीती रात 2 बजे खुद को भाजपा का नेता बताने वाला सौंसरापुर गांव निवासी अनवार पाइप चोरी करने के लिए सतीश के बाग में ट्रैक्टर, ड्राइवर और 2 लेबरों को लेकर पहुंच गया। उसने 2 लाख रूपये की कीमत के पाइप ट्रैक्टर पर लदवा लिए और लाइट बंद कर ट्रैक्टर ले जाने लगा। शक होने पर ग्रामीण वहां पहुंच गए। उन्होंने ट्रैक्टर पर लदे पाइप समेत अनवार को पकड़ लिया। जबकि ट्रैक्टर ड्राइवर और 2 लेबर मौका देख कर वहां से भाग गए।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। कुछ देर में वहां पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और पाइप समेत ट्रैक्टर कोतवाली में खड़ा करवा दिया। इस मामले को लेकर नारायन इंटर प्राइजेज के नारायन भदौरिया ने गुरसहायगंज कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के बदलेपुरवा गांव के रहने वाले राजीव सिंह, शिवराज सिंह, ग्रीश चन्द्र, श्रीपाल और सुधीर रात करीब 1 बजे कानपुर से वापस आ रहे थे, वह गढ़िया वलिदासपुर गांव में सतीश की बगिया के पास पहुंचे तो बिना लाइट जलाए कुछ लोग ट्रैक्टर को ले जाते दिखे। ऐसे में उन लोगों ने ट्रैक्टर को रुकवा लिया और पूछताछ करने लगे तो सौंसरापुर गांव का रहने वाला अनवार बताने लगा कि वह भाजपा का नेता और अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का जिला उपाध्यक्ष है। वह क्षेत्र में जलजीवन मिशन का काम करवा रहा है, इसलिए पाइप ले जा रहा है। जब राजीव सिंह ने बताया कि जल जीवन मिशन का काम तो वह खुद कर रहे हैं और यह पाइप नारायन इंटर प्राइजेज के हैं। इतना सुनते ही अनवार के होश उड़ गए और वह खुद को छोड़ने के लिए गिड़गिड़ाने लगा। जबकि इस बीच ट्रैक्टर ड्राइवर और 2 लेबर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
पाइप चोरी के आरोप में पकड़े गए सौंसरापुर गांव निवासी अनवार अहमद खुद को भाजपा का नेता बताकर रौब गांठने का प्रयास करता रहा। उसने खुद को भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का जिला उपाध्यक्ष बताया। इस मामले को लेकर जब भाजपा के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष नूर आलम से पूछा गया तो उन्होंने बिना जवाब दिए ही फोन का दिया। UP News