बृजभूषण शरण सिंह ने कर दिया बड़ा दावा, बताई हनुमान जी की कृपा
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 09:37 AM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 09:37 AM
UP News : उत्तर प्रदेश के बाहुबली नेता बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) ने बड़ा दावा किया है। उत्तर प्रदेश से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा है कि उनके ऊपर हनुमान जी की अपार कृपा है। बृजभूषण शरण सिंह ने जोर देकर कहा कि, मेरे ऊपर अनेक बार हमले हुए हैं। हर बार हमला करने वाले फेल हुए हैं और मैं हर बार पास हुआ हूं। इस बार का हमला तो मेरे खिलाफ बहुत ही बड़ी साजिश के तहत किया गया था।
नाबालिग लड़की के साथ यौन शोषण का आरोप लगा था बृजभूषण शरण सिंह पर
आपको बता दें कि, बृजभूषण शरण सिंह पर नाबालिग लड़की के साथ यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगा था। कुछ प्रसिद्ध पहलवानों की पहल पर बृजभूषण शरण सिंह के विरुद्ध POCSO के तहत मामला दर्ज हुआ था। हाल ही में अदालत ने बृजभूषण शरण सिंह को POCSO के मामले में निर्दोष घोषित कर दिया है। बृजभूषण शरण सिंह के निर्दोष घोषित होने पर अयोध्या में उनके समर्थकों ने बड़ी रैली निकाल कर जश्र मनाया। इस दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने बहुत बड़ा दावा किया है।
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में बोले बृजभूषण शरण सिंह
बुधवार को अपने समर्थन में निकाली गई रैली में शामिल होने के लिए बृजभूषण शरण सिंह अयोध्या के लखनऊ में थे। इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि जैसे ही मुझे अपने ऊपर लगे इस आरोप की जानकारी मिली थी तभी मैंने इसे सिरे से खारिज किया था। साथ ही कहा था कि यह झूठ है और अगर रत्ती मात्र भी इसमें सच होगा तो मैं खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर लूंगा।
बकौल बृजभूषण- एक लंबी प्रक्रिया के बाद यह मामला खत्म हुआ है। करीब ढाई साल केस चला। हालांकि, मैं किसी भी स्थिति में ना ज्यादा खुश होता हूं ना ज्यादा दुखी होता हूं, हां मेरे समर्थक जरूर बहुत खुश हैं। बृजभूषण शरण सिंह ने आगे कहा कि मेरे मामले में कोर्ट ने आरोप लगाने वाली लड़की और उसके परिवार को भी बहुत लंबा मौका दिया और मौका मिलना भी चाहिए था, क्योंकि यह एक संवेदनशील मामला था। पुलिस द्वारा क्लोजर रिपोर्ट लगाने के बाद अदालत ने उस लड़की के परिवार को कई बार बुलाकर पूछा और अभी फैसला देने के पहले भी आखिरी बार अदालत ने उस लड़की और उसके परिवार को मौका दिया कि अगर अभी कुछ कहना है तो बताओ।
गर्व के साथ बोले बृजभूषण शरण सिंह कही बड़ी बात
पत्रकारों से बात करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि, मेरे ऊपर मेरे ही घर को गिराने का मुकदमा है। 307 भी लगा। कई तरह के मुकदमे और आरोप लगे, लेकिन यही चीजें मुझे ताकत देती हैं। देखिए मेरे ऊपर हनुमान जी का बड़ा आशीर्वाद है कि जब-जब मेरे ऊपर ऐसे आरोप लगे तो मेरा ही फायदा हुआ। जब 1993 में टाडा लगा तो मेरी पत्नी सांसद हो गई, अब जब POCSO लगा तो मेरा बेटा सांसद हो गया। बृजभूषण सिंह ने कहा कि मैं अब इसको दूसरे तरीके से देखता हूं कि यह मेरे बेटे की किस्मत में था नहीं तो मैं सांसद की सीट छोड़ने वाला तो था नहीं। ना मेरा मूड था संसदी छोड़ने का, न मेरी जनता का मूड था।
मैं इस बात को विश्वास के साथ कह सकता हूं सिर्फ कैसरगंज नहीं आसपास की सभी 8 सीटों पर अगर आप सर्वे कर लें तो सबकी पहली पसंद मैं ही हूं। आगे मैं चुनाव लड़ूं या नहीं ये तो पार्टी तय करेगी लेकिन आप किसी से पूछिए आगे, पीछे, दाएं-बाएं, इधर-उधर सब की पसंद मैं हूं, आप यह पूछिए कि सांसद बनने का किसको मौका दिया जाए तो सभी कहेंगे बृजभूषण सिंह को। बेटा मेरा सांसद है, मेरी कोई दुर्भावना नहीं है, लेकिन आप एक लोकसभा नहीं आसपास की सभी आठ लोकसभा में पता करें तो मैं सबसे पॉपुलर हूं, बेटे से भी ज्यादा पॉपुलर हूं।
लगाया बड़ी साजिश का आरोप
पत्रकारों से बात करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि, यह साफ हो गया कि मेरे खिलाफ साजिश की गई और साजिश करने वालों में मुख्य भूमिका दीपेंद्र हुड्डा और भूपेंद्र हुड्डा की थी। यह सब पहलवानों के कुश्ती संघ पर कब्जा चाहते थे, बाद में किसान नेता जुड़ गए... कनाडा वाले। आम आदमी पार्टी वाले। बाद में कांग्रेस के नेता भी जुड़ गए लेकिन उत्तर प्रदेश और बिहार के बड़े नेता और पार्टियां मेरे साथ थीं। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि सबसे ज्यादा यादव परिवार के बच्चे रेसलिंग में हैं। अखिलेश यादव और लालू यादव की पार्टी के लोगों से मुलाकात होती रही है। उनसे हमारे संबंध बहुत अच्छे हैं। मैं तो समाजवादी पार्टी में भी रहा हूं। अखिलेश जी मेरे साथ सांसद रहे हैं। उनसे मेरा बहुत नजदीकी रिश्ता है। आज भी वह मेरा सम्मान करते हैं और मैं भी उनका सम्मान करता हूं। कम से कम वो सभी मुझको जानते हैं कि मैं क्या हूं। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि 12 साल अध्यक्ष रहने के बाद अब मैं दोबारा भारतीय कुश्ती संघ का अध्यक्ष तो नहीं हो सकता लेकिन आज भी यह संघ मेरा ही है। मेरा बेटा यूपी के कुश्ती संघ का अध्यक्ष है, जो भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष हैं वह हमारे सबसे करीबी हैं। 40 साल से हमारा संबंध है, कुश्ती और संघ से हमारा रिश्ता कभी खत्म हो ही नहीं सकता। मैं शुद्ध मनुवादी और सनातनी आदमी हूं। मैं पहले से ज्यादा सक्रिय हूं और कर्म कर रहा हूं।